आजादी के बाद पहली बार पोरो-परिया पहुंचे कलेक्टर,गांवों में घर-घर जाकर हितग्राहियों से चर्चा कर विकास कार्यों का लिया जायजा

आजादी के बाद पहली बार पोरो-परिया पहुंचे कलेक्टर,गांवों में घर-घर जाकर हितग्राहियों से चर्चा कर विकास कार्यों का लिया जायजा

सुकमा : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास की गति तेज करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में सुकमा जिले के अत्यंत दूरस्थ क्षेत्र पोरो-परिया में आजादी के बाद पहली बार कलेक्टर अमित कुमार पहुंचे। उनके साथ जिला पंचायत सीईओ मुकुन्द ठाकुर भी उपस्थित थे। अधिकारियों की टीम ने गांवों का दौरा कर बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों की स्थिति का विस्तृत निरीक्षण किया।दौरे के दौरान कलेक्टर ने मारोकी गांव में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के घरों तक पैदल पहुंचकर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने आवास निर्माण की स्थिति, राशन वितरण, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने उप स्वास्थ्य केंद्र मारोकी का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध बेबी वार्मर मशीन को स्वयं चालू कर उसकी कार्यप्रणाली समझी और नवजात शिशुओं की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ड्रॉप पैरासिटामोल सहित अन्य आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम ने पीडीएस भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, पंचायत भवन, स्कूल, बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य केंद्र जैसी सुविधाओं का भी जायजा लिया। पीडीएस वितरण केंद्र में कलेक्टर ने हितग्राहियों से चर्चा कर राशन वितरण व्यवस्था की जानकारी ली और अधिकारियों को पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। दौरे के दौरान ग्रामीणों से मौके पर ही चर्चा कर कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों के लिए निर्देश जारी किए गए। इनमें आंगनबाड़ी भवन निर्माण, स्कूल भवन निर्माण, सड़क निर्माण, हाता निर्माण, पुलिया निर्माबिजली आपूर्ति सुदृढ़ करना, बोरिंग खुदाई तथा जल जीवन मिशन के तहत हर घर नल कनेक्शन उपलब्ध कराने जैसे कार्य शामिल हैं।

परिया क्षेत्र में पात्र ग्रामीण परिवारों को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही क्षेत्र के शिक्षित युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से राजमिस्त्री और बांस शिल्पकला का प्रशिक्षण शुरू कराने की पहल करते हुए युवाओं की सूची तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। कलेक्टर को अपने बीच पाकर ग्रामीण प्रसन्न हुए। ग्रामीणों ने भी प्रशासन की पहल का स्वागत करते हुए क्षेत्र में पहली बार इस तरह के व्यापक निरीक्षण और संवाद होने पर संतोष व्यक्त किया।दौरे के अंत में कलेक्टर अमित कुमार ने गादीरास तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया और तहसील स्तर पर लंबित नामांतरण, बंटवारा सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की समीक्षा कर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।









You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments