CG Masuam Update: मार्च में बढ़ी गर्मी, बिलासपुर में तापमान पहुंचा 39 डिग्री

CG Masuam Update: मार्च में बढ़ी गर्मी, बिलासपुर में तापमान पहुंचा 39 डिग्री

 बिलासपुर: मार्च महीने में गर्मी (CG का असर तेजी से बढ़ने लगा है। शुक्रवार को बिलासपुर का अधिकतम तापमान बढ़कर 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक है।वहीं, न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया। तापमान में बढ़ोतरी के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित होने लगी है और दोपहर के समय सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दे रही है।

लगातार बढ़ रहा तापमान

मार्च की शुरुआत से ही न्यायधानी बिलासपुर में तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। गुरुवार को जहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, वहीं शुक्रवार को यह बढ़कर 39 डिग्री तक पहुंच गया। यानी एक दिन में तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई।

तेज धूप और उमस के कारण लोग दोपहर में घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। शहर के बाजारों और सड़कों पर दोपहर के समय भीड़ कम दिखाई दे रही है, जबकि सुबह और शाम के समय लोगों की आवाजाही अधिक नजर आती है।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है 

शीतल पेय की दुकानों पर बढ़ी भीड़

बढ़ती गर्मी का असर शहर के बाजारों में भी दिखाई देने लगा है। दोपहर के समय लोग गर्मी से राहत पाने के लिए गन्ने का जूस, नारियल डाब, लस्सी और छाछ का सहारा ले रहे हैं। मुख्य बाजारों और चौक-चौराहों पर लगे जूस स्टालों पर ग्राहकों की संख्या पिछले कुछ दिनों की तुलना में अधिक दिखाई दे रही है। इससे शीतल पेय बेचने वाले दुकानदारों की बिक्री में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

स्कूली बच्चों के लिए मुश्किल भरे दिन

तेज गर्मी का सबसे ज्यादा असर छोटे स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। सुबह के समय ही तेज धूप और उमस के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार एक से सात वर्ष तक के बच्चों में शरीर का तापमान नियंत्रित करने की क्षमता कम होती है। ऐसे में डिहाइड्रेशन, थकान और चक्कर आने की संभावना बढ़ जाती है। विशेषज्ञ बच्चों को धूप से बचाने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दे रहे हैं।

दक्षिण छत्तीसगढ़ में हल्की बारिश के संकेत

मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडल में लगभग 5.8 किलोमीटर ऊंचाई पर 74 डिग्री पूर्व और 34 डिग्री उत्तर अक्षांश पर स्थित है। इसके अलावा झारखंड से विदर्भ तक छत्तीसगढ़ होते हुए लगभग 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक एक द्रोणिका विस्तारित है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 14 मार्च से नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिसके प्रभाव से दक्षिण बस्तर क्षेत्र में एक-दो स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना है। हालांकि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम फिलहाल शुष्क बना रहने के आसार हैं।

प्रमुख शहरों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

बिलासपुर: अधिकतम 39 - न्यूनतम 19.8

पेंड्रारोड: अधिकतम 37.2 - न्यूनतम 19.2

अंबिकापुर: अधिकतम 35.5 - न्यूनतम 14.5

माना: अधिकतम 39.0 - न्यूनतम 16.5

जगदलपुर: अधिकतम 37.5 - न्यूनतम 18.9









You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments