रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आज रायपुर में ही रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 10.55 बजे गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर पहुंचेंगे, जहां वे भगवान जगन्नाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे नवा रायपुर स्थित अपने निवास के लिए रवाना होंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री विधानसभा पहुंचेंगे, जहां वे सदन की कार्यवाही में शामिल होंगे।
विधानसभा के बजट सत्र का आज 11वां दिन
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज 11वां दिन है। आज सदन की कार्यवाही में प्रश्नकाल के दौरान खाद्य मंत्री दयालदास बघेल और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े अपने-अपने विभागों से जुड़े सवालों के जवाब देंगे। इसके साथ ही राज्यपाल द्वारा लौटाए गए एक विधेयक की सूचना भी सदन में पढ़ी जाएगी। सत्र के दौरान विधायक धरमलाल कौशिक और बालेश्वर साहू विभागीय मंत्रियों का ध्यानाकर्षण कराएंगे। वहीं विधायक रिकेश सेन, इंद्र शाह मंडावी और अटल श्रीवास्तव द्वारा याचिकाएं प्रस्तुत की जाएंगी। इसके अलावा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और केदार कश्यप के विभागों की अनुदान मांगों पर चर्चा होगी। साथ ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विभागों की अनुदान मांगों पर भी सदन में विचार किया जाएगा, जिससे आज का दिन विधानसभा में काफी अहम माना जा रहा है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
हिंदी पेपर लीक मामले में NSUI का प्रदर्शन
छत्तीसगढ़ बोर्ड की कक्षा 12वीं का हिंदी प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि 14 मार्च को होने वाली परीक्षा से एक दिन पहले, यानी 13 मार्च की रात को ही पेपर लीक हो गया था। आरोप है कि हिंदी का प्रश्नपत्र सोशल मीडिया, खासकर व्हाट्सऐप पर वायरल हुआ। इस मामले को लेकर छात्र संगठन NSUI ने विरोध जताते हुए सोमवार को छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) का घेराव करने का ऐलान किया है। संगठन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रीवा-रायपुर-रीवा फ्लाइट का कल होगा शुभारंभ
रायपुर। छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच आवागमन और कनेक्टिविटी को बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। रायपुर-रीवा-रायपुर फ्लाइट सेवा का शुभारंभ 17 मार्च मंगलवार को किया जाएगा। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मंत्री राजेंद्र शुक्ल शामिल होने छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगे। उनके आगमन को लेकर विंध्याचल कल्याण सर्व समाज, बघेलखंड क्षत्रिय संगठन और विंध्य एकता संगठन द्वारा स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव भी शामिल होंगे।
17 मार्च को कांग्रेस करेगी विधानसभा का घेराव
रायपुर। कई मुद्दों को कांग्रेस 17 मार्च को विधानसभा का घेराव करने जा रही है। पार्टी ने इस आंदोलन को “मनरेगा बचाओ संग्राम” का नाम दिया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 12 बजे शंकर नगर स्थित भारत माता चौक से कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी विधानसभा की ओर कूच करेंगे। इस विरोध प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल होंगे। वहीं कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट भी घेराव कार्यक्रम के दौरान मौजूद रहेंगे। इस प्रदर्शन म,इ बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे।
भाजयुमो का होली मिलन समारोह कल
रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा का होली मिलन समारोह 17 मार्च मंगलवार को शदाणी दरबार के समीप शहनाई गार्डन में शाम 5 बजे से आहूत है। होली मिलन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, अतिविशिष्ट अतिथि प्रदेशाध्यक्ष किरणदेव, उपमुख्यमंत्री अरूण साव, विजय शर्मा और विशिष्ट अतिथि के रूप में मंत्रीगण, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, महापौर मीनल चौबे के अलावा शहर व ग्रामीण जिलाध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर व श्याम नारंग विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम का आयोजन भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष राहुल टिकरिहा के नेतृत्व में किया जा रहा है।



Comments