बचेली :पीएम श्री सरस्वती स्कूल में शेड निर्माण का भूमि पूजन संपन्न: अब चिलचिलाती धूप से मिलेगी छात्रों को राहत स्थानीय पीएम श्री सरस्वती स्कूल के प्रांगण में लंबे समय से प्रतीक्षित शेड निर्माण कार्य का मंगलवार को नगर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल द्वारा विधिवत भूमि पूजन के साथ शुभारंभ किया गया। इस निर्माण से स्कूल के छात्र-छात्राओं को असुविधाजनक धूप और मौसम की मार से बड़ी राहत मिलेगी।काफी समय से स्कूल प्रशासन और अभिभावकों द्वारा यह मांग की जा रही थी कि खुले परिसर में बच्चों को धूप में खड़ा होना पड़ता है, जिससे प्रार्थना सभा और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन में भारी व्यवधान उत्पन्न होता था। सरकार ने इस जनहित की मांग को गंभीरता से लेते हुए पूर्व निर्मित सांस्कृतिक मंच के समक्ष नए शेड निर्माण की स्वीकृति प्रदान की, जिसका कार्य अब धरातल पर शुरू हो गया है।
भूमि पूजन के इस अवसर पर क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधि और शिक्षाविद उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पीएम श्री प्राथमिक शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष दीपक सरकार तथा आदर्श माध्यमिक शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष सूरज जायसवाल ने किया तथा मुख्य रूप से पार्षद हरीश शर्मा, धनसिंह नाग, बीना साहू सहित जनप्रतिनिधि,स्कूल के शिक्षकगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहें। अतिथियों ने फावड़ा चलाकर और मंत्रोच्चार के साथ निर्माण कार्य की नींव रखी।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल ने कहा कि अब किसी भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बाधा नहीं आएगी, शिक्षा के क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। इन शेड्स के बन जाने से न केवल छात्र धूप से बचेंगे, बल्कि सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद और अन्य शैक्षणिक गतिविधियां भी बिना किसी रुकावट के संपन्न हो सकेंगी।
इस शेड के निर्माण से स्कूल के करीब सैकड़ों छात्र सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे। विद्यालय परिवार ने इस सौगात के लिए शासन और प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।



Comments