परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद : कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर तक और अधिक मजबूत व सक्रिय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट ने रायपुर स्थित राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस के अत्याधुनिक कनेक्ट सेंटर का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, एआईसीसी सचिव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी एस. संपत कुमार, एआईसीसी सचिव जरिता लैतफ्लांग, एआईसीसी संयुक्त सचिव एवं सह-प्रभारी विजय जांगिड़, पूर्व मंत्री उमेश पटेल, एआईसीसी सचिव एवं विधायक देवेन्द्र यादव, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, कनेक्ट सेंटर के चेयरमैन दीपक मिश्रा, को-चेयरमैन पल्लवी सिंह एवं अशोक चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि कनेक्ट सेंटर की स्थापना से संगठन की गतिविधियों में पारदर्शिता और समन्वय को नई मजबूती मिलेगी। यह सेंटर न केवल प्रदेश स्तर पर बल्कि देशभर में कांग्रेस के कार्यक्रमों की सतत निगरानी और समन्वय का कार्य करेगा।बताया गया कि कांग्रेस द्वारा देश के विभिन्न राज्यों में स्थापित किए जा रहे कनेक्ट सेंटर सीधे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के केंद्रीय कनेक्ट सेंटर से जुड़े रहेंगे। इसके माध्यम से प्रदेश के जिलों, ब्लॉकों और मंडलों में आयोजित कार्यक्रमों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग संभव हो सकेगी। इससे संगठन की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी, जवाबदेह और परिणामोन्मुखी बनेगी।नेताओं ने इसे कांग्रेस के डिजिटल और संगठनात्मक सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम बताते हुए कहा कि इससे कार्यकर्ताओं और नेतृत्व के बीच संवाद बेहतर होगा तथा पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को आम जनता तक तेजी से पहुंचाने में मदद मिलेगी।



Comments