नई दिल्ली : स्कूटर चलाने वालों के लिए Yamaha एक नई तकनीक लेकर आया है। सुरक्षा कंपनी Autoliv और Yamaha ने मिलकर एक खास एयरबैग सिस्टम बनाया है। यह एयरबैग Yamaha के Tricity 300 के लिए तैयार किया गया है। इस कंपनी ने पहले Piaggio के साथ मिलकर ऐसा सिस्टम बनाने की कोशिश की थी लेकिन वह अभी तक आम जनता के लिए मार्केट में नहीं आया।
कैसे काम करता है इसका एयरबैग?
Yamaha Tricity 300 का एयरबैग खास तौर पर तब काम करता है जब स्कूटर की सामने से टक्कर होती है। इसे स्कूटर के फ्रंट पैनल के अंदर छिपाकर लगाया गया है। टक्कर होते ही यह तुरंत ड्राइवर के सामने एक गुब्बारे की तरह खुल जाता है। कंपनी का कहना है कि, इस Airbag को इस तरह डिजाइन किया है कि इससे स्कूटर चलाने के अनुभव पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
इसे कैसे बनाया गया?
इस एयरबैग को बनाने के लिए सिमुलेशन और एडवांस टेस्टिंग की गई है और असली क्रैश टेस्ट भी किए गए हैं जिससे यह पक्का हो सके कि यह पूरी तरह सुरक्षित है। Autoliv के CEO मिकेल ब्रैट का कहना है कि यह उनके लिए बड़ा कदम है। आमतौर पर कारों के मुकाबले मोटरसाइकिल चलाने वालों के पास सुरक्षा के साधन कम होते हैं लेकिन यह तकनीक उनकी जान बचाने में मदद करेगी।
कहां लगे होते हैं एयरबैग?
आमतौर पर बाइक चलाने वालों के लिए एयरबैग उनके जैकेट या वेस्ट में लगे होते हैं। बहुत कम ऐसी गाड़ियां हैं जिनमें Airbag गाड़ी के अंदर ही फिट होता है जैसे Honda की Gold Wing। Yamaha Tricity 300 के लिए यह एयरबैग सिस्टम उनकी वेबसाइट पर दिखने लगा है। हालांकि, इसकी कीमत अभी नहीं बताई गई है लेकिन यह आम स्कूटर्स में एयरबैग लाने की तरफ बड़ा कदम है।



Comments