बेमेतरा टेकेश्वर दुबे,20 मार्च 2026 : जिला पंचायत द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण तथा विभिन्न निर्माण कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ग्राम पंचायत सचिवों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। 26 फरवरी 2026 को मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में योजनाओं की प्रगति, अटल डिजिटल सुविधा केन्द्र की स्थिति तथा जियो टैगिंग कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान कई पंचायतों में कार्यों की प्रगति अत्यंत धीमी पाई गई, जिस पर अधिकारियों ने नाराजगी व्यक्त की।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
बैठक में 23 ग्राम पंचायत सचिव अनुपस्थित पाए गए थे, जिसके बाद उन्हें अनुपस्थिति एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण सहित अन्य निर्माण कार्यों में कम प्रगति के संबंध में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। नोटिस के जवाब में अधिकांश सचिवों का स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया, जबकि कुछ सचिवों द्वारा निर्धारित समय सीमा में जवाब भी प्रस्तुत नहीं किया गया। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत प्रशासन ने सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करने का निर्णय लिया। कार्रवाई के तहत 08 सचिवों का एक दिवस का अकार्य दिवस मानते हुए उन्हें अवैतनिक किया गया है। इसके अलावा 15 सचिवों का एक दिवस अवैतनिक करते हुए उनका वेतन आगामी आदेश तक तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। जिला पंचायत प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं अन्य विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और योजनाओं की प्रगति में बाधा डालने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



Comments