किरंदुल : हिन्दू नववर्ष, चैत्र नवरात्र एवं रामनवमी के पावन अवसर पर लौह नगरी किरंदुल में भक्ति, आस्था और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला। हिन्दू नववर्ष एवं रामनवमी आयोजन समिति, किरंदुल के तत्वावधान में 22 मार्च को भव्य शोभायात्रा एवं झांकी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसने पूरे नगर को धार्मिक उल्लास से सराबोर कर दिया।कार्यक्रम की सबसे खास आकर्षण काशी से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत माता दुर्गा के नौ दिव्य स्वरूप (नवदुर्गा) रहे। जीवंत और मनमोहक झांकियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
शोभायात्रा का शुभारंभ कोडेना स्थित पशुपतिनाथ मंदिर में भगवान श्रीराम की आरती के साथ हुआ। इसके बाद यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों—बंगाली कैम्प, बस स्टैंड चौक, श्री राघव मंदिर, बैंक चौक, शीतला माता मंदिर और शिव मंदिर गांधी नगर से होते हुए फुटबॉल ग्राउंड तक पहुंची।फुटबॉल ग्राउंड में काशी के कलाकारों ने माता के नौ स्वरूपों की भव्य प्रस्तुति दी, जिसने कार्यक्रम को यादगार बना दिया। अंत में भगवान श्रीराम की आरती एवं महाप्रसाद वितरण के साथ आयोजन का समापन हुआ।इस भव्य आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि नगरवासियों में एकता, उत्साह और सांस्कृतिक विरासत के प्रति गर्व की भावना भी जागृत की।



Comments