रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर युवती को शादी का झांसा देने और उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने लंबे समय तक पीड़िता का शारीरिक शोषण किया और जब शादी की बात आई, तो साफ मुकर गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
फेसबुक से शुरू हुई थी जान-पहचान
पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, 29 वर्षीय पीड़िता की पहचान साल 2021 में फेसबुक के जरिए रामभाठा निवासी 26 वर्षीय प्रतीक सिदार से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दोस्ती गहरी हो गई। इस दौरान प्रतीक ने युवती को शादी का भरोसा दिलाया और उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया।
होटल ले जाकर बनाया शारीरिक संबंध
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, आरोपी प्रतीक सिदार ने शादी का वादा कर युवती से नजदीकियां बढ़ाईं। 4 मार्च 2024 से जनवरी 2026 के बीच आरोपी युवती को अलग-अलग होटलों में ले गया और वहां उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। जब भी युवती शादी का दबाव बनाती, आरोपी कोई न कोई बहाना बनाकर बात टाल देता था।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
शादी से इनकार के बाद खुला मामला
अंततः जब युवती ने प्रतीक पर शादी के लिए अंतिम फैसला लेने को कहा, तो उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। खुद को ठगा महसूस कर पीड़िता ने महिला थाना पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई और मामला दर्ज कराया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई: घर से दबोचा गया आरोपी
महिला थाना पुलिस ने पीड़िता के बयान और मेडिकल परीक्षण के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस की एक टीम ने दबिश देकर आरोपी प्रतीक सिदार को उसके घर से हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। शनिवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
महिलाओं के विरुद्ध अपराध पर जीरो टॉलरेंस: SSP
रायगढ़ SSP शशि मोहन सिंह ने इस मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा:
“महिलाओं के विरुद्ध होने वाले किसी भी अपराध में आरोपियों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस हर शिकायत पर त्वरित और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।”



Comments