कोलकाता : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को कोलकाता में हुंकार भरते हुए स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनाव केवल सत्ता का परिवर्तन नहीं, बल्कि राज्य की जनता के लिए टीएमसी के भय बनाम भाजपा के भरोसे की निर्णायक लड़ाई है।
विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए अपने दो दिवसीय बंगाल प्रवास के अंतिम दिन यहां नवद्वीप जोन की संगठनात्मक बैठक को संबोधित करते हुए नवीन ने कहा कि इस बार बंगाल में कमल का खिलना सुनिश्चित है।
नवीन ने कहा कि चार मई को चुनाव परिणामों के साथ पूरा राज्य भगवा होली मनाएगा। दावा किया कि यह जीत सभी पुराने रिकॉर्ड को ध्वस्त कर देगी।मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने बंगाल को अराजकता के दलदल में धकेल दिया है। ममता सरकार का अर्थ है-घर जल जाने का डर, रोजगार छिन जाने का भय, संसाधनों पर अतिक्रमण और बहन-बेटियों की अस्मत पर खतरा।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
आज बंगाल का आम मानुष मकान बनाने से लेकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तक कटमनी और तोलाबाजी (कमीशन व रंगदारी) के साये में जी रहा है। उन्होंने वर्तमान शासन को भाईपो (भतीजा) कट की सरकार करार देते हुए कहा कि यहां युवाओं का भविष्य अंधकारमय है और वे पलायन के लिए मजबूर हैं। उनका निशाना ममता के सांसद भतीजे अभिषेक बनर्जी की तरफ था। नवीन ने कहा कि भाजपा ही सुरक्षा, रोजगार और सम्मान सुनिश्चित कर सकती है।
नमाज की पूरी आजादी, पूजा के लिए कोर्ट से लेनी पड़ती है अनुमति
तुष्टीकरण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह बंगाल का दुर्भाग्य है कि यहां सार्वजनिक नमाज की अनुमति आसानी से मिल जाती है, लेकिन मां की पूजा के आयोजन के लिए पंडाल लगाने हेतु हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ता है। नवीन ने कहा कि जो दल संसद में वंदे मातरम पर चर्चा का विरोध करते हैं, वे बंगाल के गौरव को कभी सुरक्षित नहीं रख सकते।
दक्षिणेश्वर मंदिर में की पूजा-अर्चना
बैठक से पहले नवीन ने दक्षिणेश्वर काली मंदिर में पूजा-अर्चना की और कहा कि मैंने मां से राज्य के लोगों के कल्याण तथा विकसित बंगाल एवं सोनार बांग्ला के निर्माण के लिए प्रार्थना की और आशीर्वाद मांगा।
इसके बाद नवीन ने कोलकाता के साल्टलेक स्थित राज्य कार्यालय में भाजपा की चुनाव प्रबंधन टीम के साथ बैठक कर बूथ स्तर की तैयारियों और चुनाव व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।
कमल का निशाना सोनार बांग्ला के निर्माण का प्रतीक
नवीन ने कहा कि भाजपा का कमल का निशान केवल एक चुनाव चिह्न नहीं, बल्कि विकसित बंगाल और सोनार बांग्ला के निर्माण का प्रतीक है। नवीन ने कार्यकर्ताओं को बूथ जीतो, चुनाव जीतो का मंत्र देते हुए अगले 25-30 दिनों तक पूरी ताकत से जनता के बीच जाने का आह्वान किया। कहा कि हर कार्यकर्ता को खुद को उम्मीदवार मानकर काम करना होगा।



Comments