जिले में पेट्रोलियम और गैस की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से दूर रहने की अपील

जिले में पेट्रोलियम और गैस की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से दूर रहने की अपील

कोरिया: प्रदेश में पेट्रोलियम पदार्थों और एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर राज्य सरकार पूरी तरह सतर्क है। शनिवार को मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संभागायुक्त, आईजी, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों से चर्चा कर जिलेवार स्थिति की समीक्षा की।

प्रदेश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध-मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, इसलिए आम नागरिकों को किसी भी तरह से घबराने या किसी भी प्रकार की अफवाह या दुष्प्रचार से प्रभावित होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने अनावश्यक रूप से ईंधन या गैस का संग्रहण न करने की अपील भी की।

अवैध भंडारण और दुरुपयोग रोकने होगी नियमित जांच और छापेमारी की कार्यवाही
जिला कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी ने बताया कि जिला खाद्य विभाग द्वारा प्रतिदिन स्टॉक और वितरण की निगरानी की जा रही है। अवैध भंडारण और दुरुपयोग रोकने के लिए नियमित जांच और छापेमारी की जा रही है। किसी भी अनियमितता पर आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

शिकायतों, समस्याओं का होगा त्वरित समाधान, हेल्पलाइन नम्बर जारी
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने बताया कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। किसी भी समस्या की स्थिति में उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 1800- 233-3663, 1967 या राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम 0771- 2511975 व कोरिया जिला में कंट्रोल कक्ष स्थापित किया गया है जहाँ मोबाइल नम्बर 7648093823 पर संपर्क कर सकते हैं। सभी शिकायतों का निराकरण त्वरित गति से करने के निर्देश दिए हैं।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

निर्धारित अंतराल के अनुसार ही रिफिल बुकिंग कराएं
एलपीजी उपभोक्ताओं को निर्धारित अंतराल के अनुसार ही रिफिल बुकिंग कराने की सलाह दी गई है। नगरीय क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन का अंतराल तय किया गया है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
व्यावसायिक एलपीजी उपयोग को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। आवश्यक सेवाओं जैसे अस्पताल और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता दी जा रही है। बिना लाइसेंस 100 किलोग्राम से अधिक गैस भंडारण पर प्रतिबंध लगाया गया है।

जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों की खैर नहीं
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे ने चेतावनी दी कि परिस्थिति का लाभ उठाकर जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला व पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एलपीजी, पेट्रोल एवं डीजल की जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। पुलिस अधीक्षक कुर्रे ने कहा कि किसी भी तरह की कालाबाजारी, जमाखोरी की सूचना मिलने पर कार्यवाही की जाएगी तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित एजेंसी या व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उपभोक्ताओं को दें सही जानकारी, अफवाहों से रहें दूर
प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों और उचित मूल्य दुकानों को निर्देश दिए हैं कि वे उपभोक्ताओं को सही जानकारी उपलब्ध कराएं और पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करें। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और आवश्यक वस्तुओं का उपयोग जिम्मेदारी के साथ करें ताकि सभी को समान रूप से लाभ मिल सके।

वीडियो कांफ्रेंसिंग में जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments