भारतीय क्रिकेट में तगड़ा कॉम्पिटिशन है. अब टीम में जितना मुश्किल जगह बनाना है, उससे कहीं ज्यादा उसे बरकरार रखना है. ये कॉम्पिटिशन का दौर 2000 के बाद से शुरू हुआ.देश में इतना टैलेंट है कि एक पोजीशन के लिए 4-5 दावेदार खिलाड़ी हैं. इतिहास उठाकर देखें तो भारतीय क्रिकेट में कई खिलाड़ी आए और अचानक गुमनाम हो गए, लेकिन एक धुरंधर ऐसा भी है, जिसने कॉम्पिटिशन के दौर में 18 साल क्रिकेट खेला. खास बात ये रही कि वो कभी टीम से बाहर रहा तो कभी अंदर. ये वही खिलाड़ी है, जो इंटरनेशनल क्रिकेट में एक-दो नहीं बल्कि एक दर्जन कप्तानों के अंडर खेल चुका है. जी हां, सुनने में यह अजीब बात है, लेकिन ऐसा हो चुका है.
जिस धुरंधर की यहां बात हो रही है, वो कोई और नहीं बल्कि टीम इंडिया के धाकड़ विकेटकीपर दिनेश कार्तिक (DK) हैं. उनका करियर 2004 से शुरू हुआ, जो 2022 तक चला. इस दौरान कई कप्तानों के दौर आए और खत्म हो गए, लेकिन डीके का जलवा बरकरार रहा. दिनेश कार्तिक दुनिया के शायद एकमात्र ऐसे बैटर हैं, जिन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर में 12 अलग-अलग कप्तानों के अंडर खेला है. इस लिस्ट में भारत के 11 दिग्गज कप्तानों के अलावा पाकिस्तानी कप्तान का नाम भी शामिल है.
2004 में डेब्यू, 2022 में करियर पर पूर्णविराम
दाएं हाथ के विकेटकीपर बैटर दिनेश कार्तिक ने 5 सितंबर 2004 को लॉर्ड्स के मैदान पर अपने इंटरनेशनल क्रिकेट करियर का आगाज किया था. उन्होंने आखिरी इंटरनेशनल मैच 2 नवंबर 2022 को एडिलेड में खेला था. आईपीएल में यह खिलाड़ी 6 टीमों के लिए 257 मैच खेल चुका है. अब क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद वह कॉमेंट्री में जलवा दिखा रहे हैं.
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
इन 12 कप्तानों के अंडर खेले हैं दिनेश कार्तिक
दिनेश कार्तिक ने अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत साल 2004 में राहुल द्रविड़ की कप्तानी में की थी. फिर 2006 में वीरेंद्र सहवाग की कप्तानी में टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया. इसके बाद वह सौरव गांगुली, अनिल कुंबले, महेंद्र सिंह धोनी, सुरेश रैना, विराट कोहली, रोहित शर्मा, अजिंक्य रहाणे और ऋषभ पंत की कप्तानी में भी खेले. साल 2022 में आयरलैंड दौरे पर हार्दिक पांड्या की कप्तानी में भी उन्हें खेलने का मौका मिला. कार्तिक ने ICC इलेवन की तरफ से खेलते हुए पाकिस्तान के दिग्गज शाहिद अफरीदी की कप्तानी में भी खेला है.
दिनेश कार्तिक के इंटरनेशनल क्रिकेट और IPL में दमदार आंकड़े
टेस्ट क्रिकेट - 26 मैचों में 1025 रन और विकेट के पीछे 63 शिकार.
वनडे क्रिकेट - 94 मैचों में 1752 रन और 71 शिकार.
टी20 इंटरनेशनल - 60 मैचों में 686 रन और 36 शिकार.
आईपीएल - 257 IPL मैचों में 26.32 की औसत से 4842 रन बनाए.



Comments