परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद :जिले के थाना शोभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रक्सा पथरा में आयोजित पारंपरिक जात्रा कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग द्वारा एक प्रभावी जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक जनक राम ध्रुव की गरिमामयी उपस्थिति रही।कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित ग्रामीणों, युवाओं और महिलाओं को वर्तमान समय में बढ़ते अपराधों के प्रति सजग रहने की सलाह दी। विशेष रूप से साइबर अपराध के विषय में जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी परिस्थिति में अपना ओटीपी (OTP) साझा न करें, संदिग्ध APK फाइल डाउनलोड करने से बचें तथा अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अन्यथा आर्थिक नुकसान का खतरा बना रहता है।इसके साथ ही सड़क सुरक्षा को लेकर भी जागरूक किया गया। पुलिस ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
नशामुक्ति अभियान के तहत युवाओं को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया और एक स्वस्थ, सुरक्षित व नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया गया।इस अवसर पर विधायक जनक राम ध्रुव ने पुलिस विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास और सहयोग की भावना मजबूत होती है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करें और अपराधमुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।कार्यक्रम में स्थानीय सरपंच, जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, युवा एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। जात्रा के उत्साहपूर्ण माहौल के बीच पुलिस द्वारा दी गई सीख को सभी ने गंभीरता से सुना और उसे जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।



Comments