आज की हलचल : मुख्यमंत्री साय आज रायगढ़ जिले के दौरे पर रहेंगे,जग्गी हत्याकांड मामले की आज अंतिम सुनवाई,पढ़े और भी खबरें

आज की हलचल : मुख्यमंत्री साय आज रायगढ़ जिले के दौरे पर रहेंगे,जग्गी हत्याकांड मामले की आज अंतिम सुनवाई,पढ़े और भी खबरें

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज रायगढ़ जिले के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे रायपुर एयरपोर्ट से रायगढ़ के लिए रवाना होंगे, जहां वे उत्कल समाज द्वारा आयोजित वार्षिक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाज के लोगों से भी उनकी मुलाकात होने की संभावना है। कार्यक्रम के जरिए सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री शाम 4 बजे रायगढ़ से रायपुर लौटेंगे। इसके बाद शाम 6 बजे लोकभवन में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

जग्गी हत्याकांड मामले की आज अंतिम सुनवाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित जग्गी हत्याकांड ने एक बार फिर सुर्खियां बटोर ली हैं। सुप्रमी कोर्ट के निर्देश पर मामले को दोबारा खोला गया है, जिसके बाद हाईकोर्ट में आज इस केस में अंतिम सुनवाई होने वाली है। कोर्ट ने सभी पक्षों को अपना पक्ष रखने की अनुमति दी है, जिनमें अमित जोगी, राज्य सरकार, सतीश जग्गी और CBI शामिल हैं। गौरतलब है कि वर्ष 2003 में एनसीपी के वरिष्ठ नेता रामअवतार जग्गी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड में अमित जोगी का नाम भी सामने आया था, जिससे मामला और ज्यादा चर्चित हो गया था। वर्ष 2007 में निचली अदालत ने इस मामले में 28 आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी, जबकि अमित जोगी को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया गया था। फिलहाल यह मामला हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की डिविजन बेंच में लंबित है।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

गैस किल्लत और मिट्टी तेल आबंटन को लेकर कांग्रेस करेगी प्रदर्शन

रायपुर। रसोई गैस की किल्लत और मिट्टी तेल (केरोसिन) के आबंटन में अनियमितताओं को लेकर आज कांग्रेस रायपुर कलेक्ट्रेट के पास प्रदर्शन करेगी। पार्टी कार्यकर्ता दोपहर 12 बजे से प्रदर्शन शुरू करेंगे। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की जाएगी। कांग्रेस का आरोप है कि गैस सिलेंडर की उपलब्धता में कमी और मिट्टी तेल के वितरण में गड़बड़ी के कारण आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे। इस दौरान प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान की मांग भी की जाएगी। प्रशासन की ओर से प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।

केंद्रीय खेल राज्यमंत्री आज रायपुर दौरे पर, ट्राइबल गेम्स में होंगी शामिल

रायपुर। केंद्रीय खेल राज्यमंत्री रक्षा निखिल खडसे आज रायपुर दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वे शहर में आयोजित ट्राइबल गेम्स कार्यक्रम में शामिल होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वे दोपहर 12 बजे प्रेसवार्ता करेंगी, जिसमें खेल गतिविधियों, आदिवासी प्रतिभाओं के विकास और केंद्र सरकार की योजनाओं पर चर्चा की जाएगी। उनके दौरे को लेकर प्रशासन और खेल विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। कार्यक्रम को लेकर खिलाड़ियों और आयोजकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

इतवारी–शालीमार साप्ताहिक समर स्पेशल के टाइमिंग में बदलाव

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने इतवारी–शालीमार साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन की समय-सारणी (टाइमिंग) में बदलाव किया है। रेलवे का कहना है कि इससे छत्तीसगढ़ के यात्रियों को यात्रा में ज्यादा सुविधा मिलेगी। रेलवे के मुताबिक, 08865 (इतवारी से शालीमार) 2 अप्रैल से 25 जून 2026 तक (हर गुरुवार) इतवारी से शाम 5:10 बजे चलेगी। वहीं शालीमार अगले दिन दोपहर 2 बजे पहुंचेगी। इसी तरह 08866 (शालीमार से इतवारी) 3 अप्रैल से 26 जून 2026 तक (हर शुक्रवार) शालीमार से शाम 6 बजे चलेगी और इतवारी अगले दिन दोपहर 3:35 बजे पहुंचेगी। यह ट्रेन गोंदिया, राजनांदगांव, दुर्ग, रायपुर, बिलासपुर, चांपा, रायगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, चक्रधरपुर, टाटानगर और खड़गपुर इन स्टेशनों पर रूकेगी।

ये भी पढ़े : गांजा और बटनदार चाकू के साथ 02 आरोपी गिरफ्तार, विधानसभा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जनगणना के लिए आज से शुरू होगी रायपुर जिले की मैपिंग

रायपुर। जिले में जनगणना का काम आज से शुरू हो जाएगा। इसके लिए पहले जिले की ऑनलाइन मैपिंग की जाएगी। सभी एरिया को कोर सेक्टरों में बांटा जाएगा। कोर सेक्टरों के अनुसार ही पहले घरों की गणना की जाएगी। 1 मई से इसी लिस्ट को लेकर जनगणना में लगे कर्मचारी लोगों के घरों में जाएंगे। इसके बाद 16 अप्रैल से जनगणना की वेबसाइट se.census.gov.in में ऑनलाइन जानकारी अपलोड कर सकते हैं। जानकारी का सत्यापन कर्मचारी 1 मई से घरों में आकर करेंगे। छत्तीसगढ़ में जनगणना के पहले चरण में हाउस लिस्टिंग और हाउसिंग का काम शुरू किया जाएगा। इसके तहत मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का काम शुरू किया जाएगा। इसमें मुख्य रूप से दो बड़े काम होंगे। छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए 16 अप्रैल से ऑनलाइन पोर्टल और मोबाइल एप खुलेगा। इसके बाद लोग खुद अपनी और अपने घर की जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर भर सकेंगे। इसके लिए ओटीपी आधारित वेरिफिकेशन भी होगा।









You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments