आज की भागदौड़ भरी जिंदगी और परफेक्ट बॉडी की चाहत में लोग अक्सर जल्दबाजी में फैसले लेते हैं। वजन कम करने के सबसे आसान और शॉर्टकट तरीके के लिए लोग खाना छोड़ना चुनते हैं। उन्हें लगता है कि कम कैलोरी शरीर में जाएगी, तो वजन तेजी से घटेगा।
लेकिन हकीकत इसके बिल्कुल उलट है। खाना छोड़ना वजन कम करने का नहीं, बल्कि शरीर को बीमारियों का घर बनाने का रास्ता है। आइए जानें वजन कम करने के लिए खाना छोड़ना कैसे नुकसानदेह साबित हो सकता है।
मेटाबॉलिज्म पर पड़ता है बुरा असर
जब आप खाना छोड़ते हैं, तो शरीर को जरूरी मात्रा में कैलोरी नहीं मिल पाती है। एनर्जी बचाने के लिए शरीर अपना मेटाबॉलिज्म धीमा कर देता है। इसका नतीजा यह होता है कि जब आप अगली बार खाना खाते हैं, तो शरीर उसे एनर्जी में बदलने के बजाय फैट के रूप में जमा करने लगता है, ताकि बाद में इसका इस्तेमाल कर सके। इससे वजन कम होने के बजाय वजन बढ़ने लगता है।
पोषक तत्वों की कमी और कमजोरी
शरीर को सही तरीके से काम करने के लिए विटामिन, मिनरल्स, प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट की जरूरत होती है। खाना छोड़ने की वजह से शरीर में इन पोषक तत्वों की कमी हो जाती है। इससे आपको दिन भर थकान, कमजोरी, चक्कर आना और सिरदर्द जैसी समस्याएं महसूस हो सकती हैं। लंबे समय तक ऐसा करने से एनीमिया और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी गंभीर बीमारियां भी हो सकती हैं।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
मेंटल हेल्थ और फोकस में कमी
दिमाग को काम करने के लिए ग्लूकोज की जरूरत होती है, जो हमें खाने से मिलती है। जब आप भूखे रहते हैं, तो ब्लड शुगर लेवल गिर जाता है, जिससे चिड़चिड़ापन, तनाव और घबराहट बढ़ती है। ऑफिस के काम या पढ़ाई में मन नहीं लगता और फोकस की कमी महसूस होती है।
पाचन तंत्र की समस्याएं
खाली पेट रहने से पेट में एसिडिटी की समस्या होने लगती है। जब लंबे समय तक पेट में खाना नहीं पहुंचता, तो यह एसिड पेट की अंदरूनी परत को नुकसान पहुंचा सकता है, जिससे एसिडिटी, गैस, सीने में जलन और अल्सर जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। इसके अलावा, अनियमित खान-पान से कब्ज और मेटाबॉलिक सिंड्रोम का खतरा भी बढ़ जाता है।
ओवरईटिंग का खतरा
खाना छोड़ने का सबसे बड़ा नुकसान यह है कि अगली बार आप जरूरत से ज्यादा खा लेते हैं। भूखा रहने के कारण हाई कैलोरी और मीठी चीजें खाने की क्रेविंग बढ़ती है, जिससे आप जंक फूड की ओर ज्यादा आकर्षित होते हैं। इसके कारण भी आपका वजन कम होने के बजाय और बढ़ जाता है।



Comments