आईपीएल 2026 में फैंस को विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों का जलवा देखने को मिल चुका है लेकिन अभी तक एमएस धोनी नजर नहीं आए हैं। धोनी पिंडली में खिंचाव की समस्या के कारण चेन्नई सुपर किंग्स के पहले मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ नहीं खेल पाए थे, जिसमें उनकी टीम को आठ विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।
CSK ने बयान में बताया था कि एमएस धोनी (MS Dhoni) लगभग दो सप्ताह तक बाहर रह सकते हैं, जबकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में उनके अप्रैल के अंत में वापसी की खबर थी। हालांकि, अब धोनी के फैंस के लिए गुड न्यूज आई है और जिसे देखकर लग रहा है कि माही की मैदान में जल्द ही वापसी हो सकती है।
एमएस धोनी (MS Dhoni) के अभ्यास करने का वीडियो आया सामने
दरअसल, चोट से उबरने के लिए एमएस धोनी (MS Dhoni) काफी एहतियात बरत रहे हैं और इसी वजह से चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के साथ गुवाहाटी भी नहीं गए थे, जहां 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स से मैच हुआ था। धोनी ने चेन्नई में ही रुकने का फैसला किया था। तब माना जा रहा था कि शायद उनकी इंजरी काफी गंभीर है और उनकी वापसी में समय लग सकता है लेकिन अब अच्छे संकेत दिख रहे हैं।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
बुधवार को लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले गए मैच के दौरान एमएस धोनी (MS Dhoni) के अभ्यास सत्र की झलक दिखाई गई। इस दौरान धोनी को नेट्स में कम गति वाली गेंदों के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए देखा गया। हालांकि, वह ज्यादा जोर से शॉट नहीं खेल रहे थे, लेकिन अपने शॉट आजमा रहे थे। धोनी की इसी वीडियो को देख उनके और CSK के फैंस को जरूर ख़ुशी मिली होगी, क्योंकि अब लगता है कि कैप्टेन कूल जल्द मैदान में खेलते नजर आ सकते हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स ने भी एमएस धोनी (MS Dhoni) का खास वीडियो किया शेयर
एमएस धोनी (MS Dhoni) का एक वीडियो बीते दिन चेन्नई सुपर किंग्स ने भी सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें पूर्व कप्तान अपना किट बैग लेकर मैदान से बाहर जा रहे हैं। इस वीडियो के आने से फैंस के बीच हलचल मच गई और सभी कयास लग रहे हैं कि धोनी टीम के साथ वापस जुड़ गए हैं और शायद जल्द ही मैदान में भी खेलते दिखाई दे सकते हैं।
घरेलू मैदान पर पंजाब किंग्स से चेन्नई सुपर किंग्स की होगी टक्कर
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल 2026 की शुरुआत खास नहीं रही और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ उसे बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा था। मुकाबले में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों ही साधारण रही थी। ऐसे में अब चेन्नई को अपनी गलतियों से सबक लेकर वापसी करनी होगी। CSK का दूसरा मुकाबला 3 अप्रैल को चेपॉक में पंजाब किंग्स से है, जिसने अपने पहले मैच में गुजरात टाइटंस को हराया था।
घरेलू फैंस के सामने चेन्नई सुपर किंग्स का प्रयास होगा कि अच्छा प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज करे। हालांकि, इस मुकाबले में एमएस धोनी (MS Dhoni) के खेलने की संभावना न के बराबर है लेकिन देखना होगा कि युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस की वापसी होगी या नहीं। ब्रेविस साइड स्ट्रेन का शिकार हो गए थे और इसी वजह से आरआर के खिलाफ नहीं खेल पाए थे।



Comments