कड़वाहट बनी कमाई का जरिया, इस सब्जी ने बदल दी किसानों की किस्मत

कड़वाहट बनी कमाई का जरिया, इस सब्जी ने बदल दी किसानों की किस्मत

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में जायद सीजन यानी गर्मी के मौसम में किसानों के लिए करेले की खेती तेजी से मुनाफे का सौदा बनती जा रही है. ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी अनिल कुमार महिलांग के अनुसार, इस मौसम में करेला ऐसी सब्जी है जिसकी बाजार में मांग हमेशा बनी रहती है और इसकी कीमत भी कभी ज्यादा नीचे नहीं जाती. यही वजह है कि जिले के कई किसान अब पारंपरिक फसलों के साथ-साथ करेले की उन्नत खेती की ओर रुख कर रहे हैं.

उन्होंने आगे बताया कि गर्मी के सीजन में VNR 14, VNR 111, VNR 28 और अंबर जैसी उन्नत किस्में सबसे बेहतर मानी जाती हैं. इन किस्मों की खासियत यह है कि इनका उत्पादन अधिक होता है और बाजार में अच्छे दाम मिलते हैं. यही कारण है कि ये किस्में किसानों के बीच काफी लोकप्रिय हो चुकी हैं. करेले की खेती के लिए खेत की तैयारी बहुत महत्वपूर्ण होती है. बुवाई से लगभग एक माह पहले खेत की 2 से 3 बार गहरी जुताई कर पाटा तैयार करना चाहिए. खेती दो तरीकों से की जा सकती है पाटा सिस्टम और मचान विधि. पाटा सिस्टम में 3 फीट चौड़ा और 5-6 फीट लंबा पाटा बनाकर 2-3 सेंटीमीटर गहराई में बीज बोए जाते हैं.

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

मचान विधि को सबसे बेहतर तकनीक
हालांकि, मचान विधि को सबसे बेहतर तकनीक माना जाता है. इसमें मल्चिंग शीट बिछाकर तार या बांस के सहारे बेलों को ऊपर चढ़ाया जाता है. इससे फल जमीन को नहीं छूते, जिससे सड़ने की संभावना कम हो जाती है और तुड़ाई भी आसान होती है. इसके विपरीत, पाटा सिस्टम में फल जमीन पर रहने से खराब होने का खतरा अधिक रहता है. उत्पादन बढ़ाने के लिए जैविक खाद का उपयोग बेहद जरूरी है. खेत की तैयारी के दौरान प्रति एकड़ 10 – 12 ट्राली गोबर खाद डालनी चाहिए. इसके अलावा 50 किलो डीएपी और 50 किलो म्यूरिएट ऑफ पोटाश को मिट्टी में अच्छी तरह मिलाना चाहिए. सही तकनीक और उन्नत किस्मों के उपयोग से किसान प्रति एकड़ 200 से 250 क्विंटल तक उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं.

आर्थिक दृष्टि से देखें तो करेले की खेती किसानों के लिए बेहद लाभकारी साबित हो रही है. एक एकड़ में इसकी खेती से सभी खर्चों को निकालने के बाद करीब 60 से 65 हजार रुपये तक का शुद्ध मुनाफा आसानी से कमाया जा सकता है. ऐसे में यह फसल किसानों की आय बढ़ाने का एक मजबूत विकल्प बनकर उभर रही है.

 









You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments