गर्मियों का पारा बढ़ते ही शरीर को हाइड्रेटेड और ऊर्जावान रखना एक बड़ी चुनौती बन जाता है। इस मौसम में प्यास बुझाने के लिए लोग अक्सर कोल्ड ड्रिंक्स का सहारा लेते हैं, लेकिन प्राकृतिक फलों का रस न केवल ताजगी देता है बल्कि शरीर को जरूरी पोषक तत्व भी प्रदान करता है। जब बात देसी 'एनर्जी ड्रिंक' की आती है, तो गन्ने का रस और बेल का शरबत सबसे ऊपर होते हैं। दोनों की जूस सेहत के लिए फायदेमंद है, लेकिन सबसे ज्यादा असरदार कौन है? आइए इस लेख में विस्तार से जानते हैं।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
गन्ने का रस है इंस्टेंट एनर्जी का पावरहाउस:- गन्ने का रस गर्मियों में सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला पेय है। यह स्वाद में जितना मीठा है, सेहत के लिए उतना ही गुणकारी माना जाता है। गन्ने में प्राकृतिक सुक्रोज होता है, जो शरीर में जाते ही ग्लूकोज के स्तर को बढ़ा देता है। थकान मिटाने के लिए यह सबसे बेहतरीन विकल्प है। आपको बता दें, पीलिया जैसी बीमारियों में डॉक्टर भी गन्ने का रस पीने की सलाह देते हैं क्योंकि यह लिवर को डिटॉक्स करने में मदद करता है। इतना ही नहीं, इसमें कैल्शियम, मैग्नीशियम और पोटैशियम जैसे जरूरी मिनरल्स होते हैं, जो हड्डियों और दांतों को मजबूती देते हैं।
बेल का जूस है पेट के लिए अमृत:- बेल को आयुर्वेद में औषधीय गुणों का खजाना माना गया है। गर्मियों में लू और धूप से बचने के लिए इसका सेवन रामबाण है। बेल के रस में फाइबर की मात्रा अधिक होती है, जो कब्ज, गैस और एसिडिटी जैसी समस्याओं को दूर करता है। यह पेट को अंदर से ठंडा रखता है। इसकी तासीर बेहद ठंडी होती है, जो शरीर के तापमान को नियंत्रित रखती है और हीट स्ट्रोक से बचाती है। बेल का जूस रक्त को साफ करने और कोलेस्ट्रॉल लेवल को बनाए रखने में भी सहायक माना जाता है।


Comments