महासमुंद : शुक्रवार दोपहर तुमगांव थाना क्षेत्र स्थित शहीद वीर नारायण सिंह जलाशय (कोडार बांध) में स्काउट-गाइड संघ के जिला उपाध्यक्ष व इमलीभांठा महासमुंद निवासी जय पवार का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही तुमगांव पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बांध से बाहर निकालकर शव को पीएम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई।जानकारी के अनुसार जय पवार सुबह लगभग 9 बजे भोरिंग क्षेत्र में ठेकेदारी कार्य के चलते अपनी साइट देखने के लिए घर से निकले थे। इसके बाद उनके साथ क्या हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है। स्वजनों और स्थानीय लोगों में घटना को लेकर चिंता और आशंका का माहौल बना हुआ है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शव डेम के गहरे पानी में डूबा हुआ नहीं मिला, बल्कि किनारे के पास पाया गया। इस स्थिति को देखते हुए प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि मृतक ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया होगा। बताया जा रहा है कि जहरीले प्रभाव के कारण तबीयत बिगड़ने पर वे पानी में उतरकर बैठे होंगे, जहां उनकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को संकलित किया जा रहा है और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। तुमगांव थाना प्रभारी श्री यादव ने कहा कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या नजर आ रही है क्योंकि मोके पर मृतक की स्कूटी, डिक्की में मोबाईल व घड़ी मिली है। फिलहाल मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता चल पाएगा। शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है।


Comments