खड़गवां/एमसीबी : स्थानीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के हाथों खड़गवां विकासखंड अंतर्गत ग्राम रतनपुर में निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का निरीक्षण तथा नवीन 108 एम्बुलेंस का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, खड़गवां ब्लॉक के स्वास्थ्य कर्मचारी तथा आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।ज्ञात हो कि स्थानीय विधायक श्याम बिहारी जायसवाल को स्वास्थ्य मंत्री का दायित्व मिलने के बाद से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार सुदृढ़ करने और विस्तार देने का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार सुबह मंत्री जायसवाल ने निर्माणाधीन पीएचसी रतनपुर का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए तथा निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने की जानकारी ली।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
निरीक्षण के पश्चात खड़गवां क्षेत्र को प्राप्त नवीन 108 एम्बुलेंस का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मंत्री जायसवाल ने कहा कि जीवन और मृत्यु के बीच जूझ रहे क्षेत्रवासियों के लिए यह नवीन एम्बुलेंस किसी वरदान से कम नहीं होगी। उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों की अपेक्षा ग्रामीण क्षेत्रों में एम्बुलेंस की अधिक आवश्यकता होती है, क्योंकि समय पर वाहन सुविधा नहीं मिलने से कई मरीज अस्पताल नहीं पहुंच पाते और उनकी जान चली जाती है।उन्होंने बताया कि शुभारंभ की जा रही एम्बुलेंस हाईटेक और सर्वसुविधा से लैस है। प्रदेश सरकार द्वारा लगभग 400 नवीन एम्बुलेंस प्रदेशवासियों को दी गई हैं, जिसमें से एमसीबी जिले को 12 नवीन एम्बुलेंस प्राप्त हुई हैं। उन्हीं में से एक एम्बुलेंस खड़गवां क्षेत्र को मिली है, जिसकी सेवा आज से प्रारंभ हो गई है। 108 डायल करते ही 30 मिनट के भीतर दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक एम्बुलेंस पहुंच सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
अंत में मंत्री जायसवाल ने विधानसभा क्षेत्र के लोगों को भरोसा दिलाया कि स्वास्थ्य क्षेत्र की सभी कमियों को दूर करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में व्यापक बदलाव आया है और अब आधुनिक मशीनें, आधुनिक जांच एवं उपचार की सुविधाएं जिला अस्पताल सहित पीएचसी और सीएचसी स्तर पर भी उपलब्ध कराई जा रही है।


Comments