खेती में नवाचार का कमाल, टमाटर से हर सीजन में कमाई

खेती में नवाचार का कमाल, टमाटर से हर सीजन में कमाई

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के वजीरगंज क्षेत्र का हरिहरपुर गांव आज खेती की एक नई मिसाल पेश कर रहा है. यहां के प्रगतिशील किसान राम अवतार निषाद ने अपनी कड़ी मेहनत और सूझबूझ से यह साबित कर दिया है कि अगर खेती को सही प्लानिंग के साथ किया जाए, तो यह किसी बड़े बिजनेस से कम नहीं है. कभी सामान्य फसलों पर निर्भर रहने वाले राम अवतार का उगाया हुआ टमाटर अब सिर्फ स्थानीय मंडियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी डिमांड दिल्ली और मध्य प्रदेश जैसे बड़े राज्यों में भी तेजी से बढ़ी है.

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

पारंपरिक खेती छोड़ पकड़ी मुनाफे की राह
राम अवतार निषाद पिछले 25 वर्षों से किसानी कर रहे हैं, लेकिन शुरुआती सालों में उन्हें वह कामयाबी नहीं मिली जिसकी उन्हें तलाश थी. इसके बाद उन्होंने बाजार की मांग को समझा और टमाटर की उन्नत खेती की शुरुआत की. अच्छी किस्म के बीज, आधुनिक सिंचाई तकनीक और खाद के सही संतुलन ने उनकी फसल की गुणवत्ता को इतना बेहतर बना दिया कि अब व्यापारियों की लाइन उनके दरवाजे पर लगी रहती है.

12 महीने टमाटर उगाने का स्मार्ट फॉर्मूला
राम अवतार की सबसे बड़ी खूबी उनका फसल चक्र प्रबंधन है. वे साल के 12 महीने टमाटर का उत्पादन लेते हैं. इसके लिए वे एक खास प्रक्रिया अपनाते हैं जैसे ही एक फसल का सीजन खत्म होने वाला होता है, उनके खेत में दूसरी खेप तैयार खड़ी मिलती है. इसके लिए वे खुद ही नर्सरी तैयार करते हैं ताकि बाजार पर निर्भरता कम रहे और समय की बचत हो. फिलहाल वे लगभग 1 एकड़ जमीन पर इसी निरंतर उत्पादन के मॉडल पर काम कर रहे हैं.

लागत कम और इनकम जबरदस्त
टमाटर की खेती में मुनाफे का गणित समझाते हुए राम अवतार बताते हैं कि 1 एकड़ में टमाटर की फसल तैयार करने में लगभग 1 लाख रुपये का खर्च आता है. इसके बदले में उन्हें हर साल 4 से 5 लाख रुपये की शुद्ध आय प्राप्त होती है. बाजार भाव अच्छा रहने पर यह कमाई और भी बढ़ जाती है. उन्होंने बताया कि इस बार टमाटर की बंपर पैदावार हुई है, जिससे उन्हें रिकॉर्ड तोड़ कमाई की उम्मीद है.

गोंडा से दूसरे राज्यों तक का सफर
राम अवतार के खेतों का टमाटर वजीरगंज, गोंडा और नवाबगंज जैसी स्थानीय मंडियों की जरूरतें पूरी करने के बाद सीधे दिल्ली और मध्य प्रदेश की बड़ी मंडियों में सप्लाई किया जा रहा है. बाहरी राज्यों के व्यापारी इनके टमाटर की चमक और स्वाद की वजह से इसे हाथों-हाथ खरीदते हैं.








You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments