बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं के निर्देशानुसार आज सोमवार को कलेक्टोरेट के दृष्टि सभा कक्ष में जनदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) प्रेमलता पदमाकर ने की। जनदर्शन में जिले के विभिन्न विकासखंडों और ग्रामों से आए नागरिकों ने अपनी-अपनी शिकायतें, समस्याएँ और मांगें रखीं। इस दौरान सीईओ श्रीमती पदमाकर ने सभी उपस्थित नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। कई मामलों का निराकरण मौके पर ही किया गया, जबकि जांच योग्य मामलों को टीएल पंजी (टाइम लिमिट रजिस्टर ) में दर्ज कर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए गए।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
ग्रामीणों की विभिन्न समस्याएँ आईं सामने
जनदर्शन में कुल 28 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई तात्कालिक महत्व के थे। इनमें भूमि संबंधी विवाद, पेंशन, मुआवजा, आवास योजना, विद्युत तारों की ऊँचाई, रास्ते की समस्या, मुक्तिधाम के लिए भूमि जैसी शिकायतें प्रमुख रहीं।
इसके अतिरिक्त, आम नागरिकों द्वारा निराश्रित पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृति, बैटरी चलित ट्रायसायकल की मांग, कटा हुआ रकबा जोड़ने, खाद गड्ढा हटाने, तथा आम रास्ता खुलवाने जैसे विषयों पर भी आवेदन प्रस्तुत किए गए। सीईओ श्रीमती प्रेमलता पदमाकर ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का समय-सीमा में निपटारा किया जाए और समाधान की जानकारी आवेदक को दी जाए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि कोई भी व्यक्ति अपनी शिकायतों के निराकरण से वंचित न रहे।इस अवसर पर अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


Comments