आदिवासी अधिकारों की बुलंद आवाज बने विधायक जनक ध्रुव, सूरजपुर में तीन दिवसीय शिविर में सक्रिय सहभागिता

आदिवासी अधिकारों की बुलंद आवाज बने विधायक जनक ध्रुव, सूरजपुर में तीन दिवसीय शिविर में सक्रिय सहभागिता

परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद :छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं आदिवासी कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में आदिवासी अधिकार एवं सशक्तिकरण को लेकर 10 अप्रैल से 12 अप्रैल तक गोंडवाना भवन, सूरजपुर में तीन दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण आयोजन में बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जनक ध्रुव की सक्रिय उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया है।

शिविर का उद्देश्य आदिवासी समाज को उनके संवैधानिक अधिकारों, वनाधिकार कानून, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं सामाजिक सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग शामिल हो रहे हैं।

विधायक जनक ध्रुव ने शिविर में सहभागिता करते हुए आदिवासी समाज के अधिकारों की मजबूती पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा करना कांग्रेस पार्टी की प्राथमिकता रही है। उन्होंने उपस्थित लोगों को संगठित होकर अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और शासन की योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।

विधायक ध्रुव ने आगे कहा कि ऐसे शिविर समाज में जागरूकता लाने के साथ-साथ युवाओं को नेतृत्व के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने आदिवासी कांग्रेस के माध्यम से समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर उनकी समस्याओं के समाधान हेतु निरंतर प्रयास करने की बात भी कही।

तीन दिवसीय इस शिविर में विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन, संवाद सत्र, प्रशिक्षण कार्यशालाएं एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे आदिवासी समाज को उनके अधिकारों के प्रति और अधिक सशक्त बनाया जा सके।

यह आयोजन न केवल आदिवासी समाज के उत्थान की दिशा में एक सार्थक पहल है, बल्कि प्रदेश में सामाजिक न्याय और समानता को मजबूत करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।








You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News