परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद : जिले के विकासखंड प्रतापपुर अंतर्गत ग्राम मदननगर, कनकनगर एवं सिलफिली में South Eastern Coalfields Limited (SECL) द्वारा प्रस्तावित सर्वे और उत्खनन कार्य के खिलाफ ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। स्थानीय आदिवासी एवं किसान समुदाय अपनी भूमि और आजीविका को लेकर चिंतित हैं और बिना सहमति किए जा रहे कार्यों के खिलाफ लामबंद हो गए हैं।
ग्रामीणों के इस आंदोलन को समर्थन देने और उनकी समस्याओं को सुनने के लिए छत्तीसगढ़ प्रदेश आदिवासी कांग्रेस के अध्यक्ष जनक ध्रुव क्षेत्र के दौरे पर पहुँचे। उनके साथ पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं जिला कांग्रेस कमेटी सूरजपुर के उपाध्यक्ष त्रिभुवन सिंग टेकाम भी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
धरने पर बैठे ग्रामीणों से की सीधी बातचीत
ग्राम मदननगर में धरने पर बैठे ग्रामीणों से मुलाकात के दौरान श्री ध्रुव ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि SECL द्वारा उनकी सहमति के बिना और कानूनी प्रक्रियाओं की अनदेखी करते हुए उपजाऊ जमीनों पर जबरन सर्वे और उत्खनन की तैयारी की जा रही है। इससे उनके जीवन-यापन, खेती और भविष्य पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप के निर्देश
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जनक ध्रुव ने मौके से ही सूरजपुर कलेक्टर एवं संबंधित एसडीएम से दूरभाष पर संपर्क कर स्पष्ट निर्देश दिए कि
ग्रामीणों की इच्छा के विरुद्ध किसी भी प्रकार का सर्वे तत्काल रोका जाए।
बिना वैधानिक प्रक्रिया और ग्रामसभा की सहमति के कोई भी कार्य न किया जाए।
आदिवासियों और किसानों के संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कांग्रेस ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी
इस दौरान त्रिभुवन सिंग टेकाम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ग्रामीणों का शोषण बंद नहीं हुआ, तो आंदोलन और अधिक उग्र रूप ले सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ग्रामीणों का एकजुट विरोध
इस अवसर पर क्षेत्र के सरपंच, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में SECL की कार्यप्रणाली का विरोध करते हुए अपनी जमीन और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।


Comments