खैरागढ़ : थाना छुईखदान पुलिस ने उदयपुर स्थित ATM मशीन में तोड़फोड़ कर पैसे चोरी करने का प्रयास करने वाले आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ATM मशीन की देखरेख करने वाले प्रार्थी ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उदयपुर स्थित ATM मशीन 14 अप्रैल को बंद मिली। मौके पर जाकर देखा गया तो ATM लॉबी की लाइट बंद थी तथा मशीन में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी की नीयत से तोड़फोड़ की गई थी। रिपोर्ट के आधार पर थाना छुईखदान में अपराध क्रमांक 135/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल पुलिस टीम गठित कर संदेही की तलाश शुरू की गई। तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने संदेही चंपालाल जंघेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त औजार भी आरोपी के कब्जे से बरामद कर जब्त कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंपालाल जंघेल के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


Comments