अरुण शर्मा किरंदुल: जिला दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा के किरंदुल क्षेत्र में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के उद्देश्य से प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया। जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार थाना किरंदुल पुलिस एवं ड्रग इंस्पेक्टर की टीम ने शहर की दवा दुकानों में औचक जांच की।इस कार्रवाई के दौरान कुल 08 मेडिकल स्टोर्स में नारकोटिक्स (नशीली) दवाओं के स्टॉक, खरीद-बिक्री के बिल, रजिस्टर एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई। साथ ही पूरे निरीक्षण की प्रक्रिया का विधिवत पंचनामा भी तैयार किया गया।यह संयुक्त अभियान N-CORD (नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन) के तहत संचालित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य नशीली दवाओं के दुरुपयोग एवं अवैध बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
निरीक्षण के दौरान ड्रग इंस्पेक्टर आलोक मौर्य ने दवा संचालकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी दवाइयों का क्रय-विक्रय निर्धारित नियमों के तहत ही किया जाए तथा रिकॉर्ड व्यवस्थित रखा जाए। वहीं थाना प्रभारी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि प्रतिबंधित एवं नशे में उपयोग होने वाली दवाइयों की बिक्री बिना डॉक्टर की वैध पर्ची के बिल्कुल न करें, अन्यथा संबंधित के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का सख्त संदेश: किरंदुल में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार निगरानी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।


Comments