महासमुंद : जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महासमुंद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 5 करोड़ रुपये के करीब 10 क्विंटल गांजे का विधिवत नष्टीकरण किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विभिन्न थानों में दर्ज 18 एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जब्त कुल 999.200 किलो (करीब 10 क्विंटल) अवैध गांजा को आज बालाजी प्लांट बेलसोण्डा में नष्ट किया गया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
यह नष्टीकरण जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक महासमुंद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और जिला आबकारी अधिकारी शामिल रहे। भौतिक सत्यापन के बाद शासन की गाइडलाइन के अनुरूप पूरी प्रक्रिया संपन्न की गई। इस कार्रवाई में थाना कोमाखान के 7, बसना के 7, सांकरा के 1, सिंघोड़ा के 2 और पिथौरा के 1 प्रकरण शामिल हैं। इनमें 2 मामले वर्ष 2025 के और शेष 16 मामले वर्ष 2026 के हैं।
11 अप्रैल 2026 को भी पुलिस ने 3 मामलों में जब्त 996.660 किलो गांजा नष्ट किया था। इस तरह एक सप्ताह के भीतर लगभग 20 क्विंटल (करीब 10 करोड़ रुपये मूल्य) के गांजे का नष्टीकरण किया जा चुका है। पुलिस के मुताबिक, नष्ट किया गया गांजा करीब 10-10 ग्राम की 1 लाख पुड़िया के बराबर है, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया गया है।


Comments