रायगढ़: देशव्यापी जनगणना 2026-2027 प्रक्रिया के तहत नगर निगम क्षेत्र में ऑनलाइन स्व-गणना की शुरुआत हो चुकी है। इसी क्रम में महापौर श्री जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, एमआईसी सदस्यों एवं पार्षदगणों ने स्वयं ऑनलाइन जनगणना स्व-गणना फॉर्म भरकर नागरिकों को जागरूक करने का संदेश दिया।
नगर निगम कार्यालय में आज जनप्रतिनिधियों ने ऑनलाइन माध्यम से स्व-गणना फॉर्म भरते हुए इस प्रक्रिया को सरल, सुरक्षित और समय की बचत करने वाला बताया। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे भी निर्धारित अवधि के भीतर स्वयं अपना जनगणना फॉर्म भरकर इस राष्ट्रीय कार्य में भागीदारी सुनिश्चित करें।

महापौर जीवर्धन चौहान ने कहा कि जनगणना देश के विकास की आधारशिला है। इससे प्राप्त आंकड़ों के आधार पर शासन द्वारा विभिन्न योजनाओं का निर्माण और क्रियान्वयन किया जाता है। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन स्व-गणना की सुविधा नागरिकों के लिए एक बड़ा अवसर है, जिससे वे घर बैठे आसानी से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने शहर के सभी नागरिकों से 16 से 30 अप्रैल के बीच अनिवार्य रूप से ऑनलाइन जनगणना स्वगणना अपना फॉर्म भरने की अपील की।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
सभापति डिग्री लाल साहू ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना में सही और पूर्ण जानकारी देना बेहद आवश्यक है, ताकि क्षेत्र के विकास के लिए सटीक योजनाएं बनाई जा सकें। ऑनलाइन फॉर्म भरना आसान है, इसलिए अधिक से अधिक लोगों को इस सुविधा का लाभ उठाना चाहिए।उन्होंने बताया कि ऑनलाइन स्व-गणना की अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित की गई है। इसके पश्चात जनगणना कार्य में लगे कर्मचारी घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे।एमआईसी सदस्य एवं पार्षदगण ने भी आनलाइन जनगणना स्वगणना फॉर्म भरा एवं नागरिकों से जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय सहयोग करने की अपील की और इसे सफल बनाने का संकल्प लिया।
स्वगणना आईडी को रखना होगा सुरक्षित
शहर एवं जिले के सभी लोग https://se.census.gov.in पोर्टल लिंक पर जाकर जनगणना ऑनलाइन स्वगणना फॉर्म भर सकते हैं। पोर्टल लिंक सुबह 6:00 बजे से रात 12:00 तक खुली रहती है। इस दौरान कभी भी डिजिटल ऑनलाइन फॉर्म स्वगणना भरा जा सकता है। फॉर्म भरने के बाद इसमें संशोधन के भी ऑप्शन दिए जाते हैं, जिसे एक बार जरूर पढ़ना चाहिए। यदि भरी गई जानकारी में कुछ त्रुटि है तो इसे आवश्यक सुधार कर लिखे और पुनः फाइनल सबमिट करें। एक बार फाइनल सबमिट होने के बाद फार्म में सुधार करने का विकल्प नहीं मिलता है। इसी तरह सबमिट फार्म में एक विशेष रेफरेंस आईडी दी जाती है, जिसे भी फॉर्म भरने वालों को सुरक्षित रखना होगा एवं डोर टू डोर सर्वे के दौरान पहुंचे कर्मचारियों को इसे दिखाना होगा।


Comments