बालोद : नगर पंचायत गुण्डरदेही कार्यालय के सभा कक्ष में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन और मुख्य नगर पालिका अधिकारी कोमल ठाकुर की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य एजेंडा आगामी गर्मी के मौसम में नागरिकों को होने वाली पेयजल की किल्लत और अन्य विकास कार्यों पर चर्चा करना था। बैठक में पेयजल के गंभीर संकट को देखते हुए कार्ययोजना तैयार की गई। अध्यक्ष प्रमोद जैन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गर्मी के दिनों में किसी भी नागरिक को पीने के पानी के लिए परेशान नहीं होना चाहिए, यह नगर पंचायत की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय:
1.पेयजल संकट का समाधान: पानी की उपलब्धता बढ़ाने के लिए नदी में 5 एचपी (HP) की मोटर लगाकर मुख्य पानी टंकी को भरने का निर्णय लिया गया।
2.वैकल्पिक व्यवस्था: जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन के माध्यम से पानी नहीं पहुंच पा रहा है, वहां तत्काल प्रभाव से सिनटेक्स टंकी (Sintex Tank) लगवाई जाएगी।
3.गंभीर क्षेत्रों में टैंकर सप्लाई जिन वार्डों में पानी की समस्या विकराल है, वहां नियमित रूप से टैंकर के माध्यम से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
4.सार्वजनिक प्याऊ: राहगीरों और आम जनता की सुविधा के लिए शहर में तीन अलग-अलग स्थानों पर सार्वजनिक प्याऊ घर खोलने का प्रस्ताव पारित किया गया।
5.पानी की बर्बादी पर रोक: जल आपूर्ति विभाग को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि पानी का अनुचित उपयोग न हो। जो नल लीक हो रहे हैं या खराब हैं, उन्हें तत्काल दुरुस्त किया जाए ताकि पानी व्यर्थ न बहे।
6.निरंतर मॉनिटरिंग: पानी की समस्या को देखते हुए पूरे समय इसकी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।
7.विकास कार्य और स्ट्रीट लाइट: बैठक में स्ट्रीट लाइट की स्थिति पर चर्चा हुई और पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में विकास कार्यों के लिए पार्षद निधि से प्रस्ताव देने की बात कही।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
अध्यक्ष की दो टूक: "पानी की एक बूंद भी न हो बर्बाद"
अध्यक्ष प्रमोद जैन ने उपस्थित अधिकारियों और पार्षदों को संबोधित करते हुए कहा, "गर्मी का समय है, ऐसे में पानी का संकट किसी आपदा से कम नहीं है। हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि आम जनता को पानी के लिए न भटकना पड़े। हमें न केवल पानी की आपूर्ति बढ़ानी है, बल्कि उसका संरक्षण भी करना है। जल का अनुचित उपयोग करने वालों पर भी निगरानी रखें।"
बैठक में इनकी रही उपस्थिति
बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन, उपाध्यक्ष विजय सोनकर, सीएमओ कोमल ठाकुर, सब इंजीनियर पाठक, श्रवण निर्मलकर सहित पार्षदगण - पोषण निषाद, संतोष नेताम, लोकेश्वरी शंकर यादव, रामबती सोनकर, हेमंत सोनकर, सुल्ताना तिगाला, सलीम खान, हेमलता सोहन सोनी, पूजा बिंझेकर, शैल महोबिया, फैज बख्श और सेवक महिपाल उपस्थित रहे।


Comments