अरुण शर्मा संवाददाता किरंदुल : एनएमडीसी किरंदुल कॉम्प्लेक्स का परियोजना अस्पताल एक बार फिर अपनी उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं के चलते चर्चा में है। अधिशासी निदेशक श्री रविंद्र नारायण के नेतृत्व एवं उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्रीमती के.एल. नागवेणी के मार्गदर्शन में अस्पताल लगातार कर्मचारियों और आसपास के ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है।सोमवार, 20 अप्रैल 2026 को अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने एक जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए महिला मरीज के पेट से लगभग 4 किलोग्राम वजनी सरवाईकल फाइब्रोएड (ट्यूमर) निकालकर बड़ी सफलता हासिल की। लंबे समय से पेट में सूजन और तेज दर्द से परेशान मरीज का जीवन इस ट्यूमर के कारण प्रभावित हो रहा था।जांच के दौरान डॉक्टरों ने पाया कि मरीज के पेट में बड़ा ट्यूमर विकसित हो चुका है, जो आगे चलकर अन्य अंगों के लिए भी खतरा बन सकता था। गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत सर्जरी का निर्णय लिया गया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.वी. लाल के निर्देशन में गठित टीम में वरिष्ठ स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. मनीषा लाल, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. अजय कुमार, वरिष्ठ मेल नर्स रोमिया मसीह एवं ऑपरेशन थिएटर इंचार्ज श्रीमती निर्मला पटेल शामिल थे। सभी ने मिलकर अत्यंत सावधानी और कुशलता से ऑपरेशन को सफल बनाया।परियोजना अस्पताल में लेप्रोस्कोपी, एंडोस्कोपी, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड, ब्लड बैंक एवं आधुनिक लैब जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। यहां प्रतिदिन 600 से 700 मरीजों का ओपीडी में इलाज किया जाता है, वहीं हर माह 1600 से अधिक मरीज भर्ती होकर उपचार प्राप्त करते हैं।
इस सफलता पर मरीज एवं उनके परिजनों के साथ-साथ अस्पताल प्रबंधन और कर्मचारियों ने पूरी चिकित्सा टीम को बधाई दी है। यह उपलब्धि एक बार फिर साबित करती है कि किरंदुल का परियोजना अस्पताल क्षेत्र में बेहतर और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाओं का केंद्र बन चुका है।


Comments