एमसीबी : कलेक्टर के निर्देशन में कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में आम नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने की दिशा में सुनवाई की गई। कार्यक्रम में अपर कलेक्टर नम्रता डोंगरे द्वारा जिले के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। कार्यक्रम में कुल 37 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें पारिश्रमिक भुगतान, पेयजल व्यवस्था, प्रधानमंत्री आवास से संबंधित मजदूरी भुगतान, राजस्व प्रकरणों का निराकरण, उत्तराधिकारी प्रमाण पत्र, भूमि सीमांकन, राशन वितरण, मानदेय भुगतान, अवैध उत्खनन, बैंक कटौती, निर्माण कार्यों के भुगतान, वन अधिकार पट्टा, साप्ताहिक बाजार स्थल परिवर्तन, विद्युत आपूर्ति, ऋण प्रकरण सहित विभिन्न विषयों से संबंधित आवेदन शामिल रहे।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
अपर कलेक्टर ने सभी आवेदनों पर संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण का परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया गया कि वे संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े।जनदर्शन कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन एवं आमजन के मध्य सीधा संवाद स्थापित हो रहा है, जिससे समस्याओं के समाधान में तेजी आ रही है तथा शासन के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो रहा है।


Comments