पहलगाम बरसी पर गरजे पीएम मोदी: आतंकवाद को नहीं बख्शेगा भारत

पहलगाम बरसी पर गरजे पीएम मोदी: आतंकवाद को नहीं बख्शेगा भारत

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले की पहली बरसी पर जान गंवाने वालों को नमन करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भावुक संदेश शेयर करते हुए कहा कि इस हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों को कभी भुलाया नहीं जा सकता। इसके साथ ही उन्होंने आतंकवाद को लेकर स्पष्ट संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के खिलाफ नहीं झुकेगा, आतंकियों के मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।

'आतंकवादियों के नापाक मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे'

प्रधानमंत्री ने लिखा, “पिछले साल आज ही के दिन पहलगाम में हुए भयानक आतंकी हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष लोगों को याद कर रहा हूं। उन्हें कभी भुलाया नहीं जाएगा। मेरी संवेदनाएं उन शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं जो इस अपूरणीय क्षति का सामना कर रहे हैं। एक राष्ट्र के तौर पर, हम दुख और संकल्प में एकजुट हैं। भारत आतंकवाद के किसी भी रूप के आगे कभी नहीं झुकेगा और आतंकवादियों के नापाक मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे।”

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

जवाब मिलना तय है-सेना

वहीं, भारतीय सेना की ओर से भी आतंकियों और उनके सरपरस्तों को खुला संदेश दिया गया है कि अगर भारत के खिलाफ ऐसे घिनौने कदम उठाओगे तो उसका जवाब मिलना तय है। भारतीय सेना की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर की गई है। इसमें लिखा है-"भारत के ख़िलाफ़ किए गए कृत्यों का जवाब मिलना तय है। न्याय ज़रूर मिलेगा। हमेशा।" 

इस संदेश के साथ ही सेना ने ऑपरेशन महादेव से जुड़ा एक ग्राफिक्स शेयर किया है जिसमें यह जानकारी दी गई है कि कैसे पहलगाम के कातिलों को जहन्नुम का रास्ता दिखाया गया। ऑपरेशन महादेव में सेना ने पहलगाम में हमला करने वाले आतंकियों को मार गिराया था।

बता दें कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पिछले साल बड़ा आतंकी हमला हुआ था। आतंकियों ने बैसरन घाटी में पर्यटकों को निशाना बनाया था। यहां धर्म पूछ-पूछकर लोगों को गोली मार दी गई थी। इस हमने में कई निर्दोष लोगों की जान चली गई और कई गंभीर रूप से घायल हुए। इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था। इस हमले के बाद भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया और पाकिस्तान स्थित आतंकी अड्डों को तबाह कर दिया था। 








You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments