नगरी: नगर पंचायत नगरी के वार्ड क्रमांक 6 में गायत्री मंदिर के सामने बन रही चौपाटी का निरीक्षण नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छबड़ा, लोक निर्माण विभाग के सभापति अश्वनी निषाद और पार्षद अंबिका ध्रुव ने किया। इस परियोजना के लिए राज्य सरकार द्वारा करीब 17 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जिसके तहत दुकानों (गुमटी), हाईमास्ट लाइट, नाली निर्माण सहित अन्य आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं।
नगर पंचायत द्वारा पूरी टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इस चौपाटी का उद्देश्य नगरवासियों को एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार के खाद्य व्यंजन उपलब्ध कराना है, ताकि शहरों जैसी सुविधा स्थानीय स्तर पर भी मिल सके।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
बताया गया कि इस परियोजना के लिए उपमुख्यमंत्री अरुण साव से विशेष रूप से बजट की मांग की गई थी, जिस पर शासन ने स्वीकृति प्रदान की।निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समय-सीमा को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि काम तय समय में और मानकों के अनुरूप पूरा होना चाहिए, ताकि नगरवासियों को जल्द इसका लाभ मिल सके।
यह चौपाटी छोटे व्यापारियों के लिए भी राहत लेकर आएगी। अभी कई दुकानदार सड़क किनारे असुरक्षित माहौल में व्यवसाय कर रहे हैं, जिससे दुर्घटना और ट्रैफिक जाम की आशंका बनी रहती है। नई चौपाटी बनने के बाद उन्हें एक व्यवस्थित और सुरक्षित जगह उपलब्ध होगी।
जंगल पारा जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्र के पास निर्माण होने से यहां कारोबार की संभावनाएं भी अधिक मानी जा रही हैं। नगर के बीच स्थित होने के कारण यह आम लोगों के लिए भी सुविधाजनक केंद्र बनेगा।
नगर पंचायत का कहना है कि काम तेजी से किया जा रहा है और जल्द ही यह चौपाटी नगरवासियों को समर्पित कर दी जाएगी, जिससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।


Comments