सुकमा: जिले में प्रशासनिक सक्रियता और जनसेवा को मजबूत करने के उद्देश्य से कलेक्टर अमित कुमार एवं पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण द्वारा विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया गया। इस दौरान उन्होंने शासन की योजनाओं और व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा आम नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
दौरे के दौरान कलेक्टर एवं एसपी ने पुलिस थाना परिसर चिंतागुफा एवं चिंतलनार का अनौपचारिक उद्घाटन किया। उद्घाटन कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शुभकामनाएं दी गईं और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने का भरोसा दिलाया गया। ग्रामीणों ने इस पहल को क्षेत्र की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।
इसके बाद कलेक्टर एवं एसपी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिंतागुफा का आकस्मिक निरीक्षण किया, जहां उन्होंने ओपीडी व्यवस्था, मरीजों के उपचार, दवाइयों की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं और किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
इसी क्रम में काछलपाड़ क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने की घटना में घायल हुए मां-बेटे से अस्पताल पहुंचकर कलेक्टर एवं एसपी ने मुलाकात की। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों को नियमित निगरानी तथा बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन की त्वरित संवेदनशीलता से पीड़ित परिवार को राहत और भरोसा मिला।
दौरे के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिंतलनार में मलेरिया के मामलों, प्रसव सेवाओं एवं दवाइयों की स्थिति की समीक्षा की गई तथा “स्वस्थ बस्तर” अभियान के शिविर का निरीक्षण किया गया। वहीं मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत कुंदेड में व्यवस्थाओं का अवलोकन कर मरीजों से संवाद किया गया और आंगनवाड़ी केंद्र में पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम में महिलाओं को पोषणयुक्त आहार के प्रति जागरूक किया गया। प्रशासन के इन प्रयासों से जिले में स्वास्थ्य, सुरक्षा और जनकल्याण सेवाओं को नई मजबूती मिल रही है। फिल्ड भ्रमण के दौरान एडिशनल एसपी अभिषेक वर्मा, एसडीएम सुभाष शुक्ला तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


Comments