कोरबा: छत्तीसगढ़ कोरबा के निहारिका क्षेत्र के एक सराफा दुकान में ग्राहक बनकर पहुंचीं तीन महिलाओं ने चालाकी से साढ़े चार लाख रुपये के सोने के जेवर पार कर दिए। घटना के बाद संचालक ने CCTV फुटेज के साथ सिविल लाइन थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पढ़िए क्या है मामला?
सिविल लाइन थाना रामपुर अंतर्गत निहारिका में अविल कुमार देवांगन का, दिव्या ज्वेलर्स नाम से दुकान है। शुक्रवार को करीब दोपहर 12 बजे तीन अज्ञात महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचीं। पहले उन्होंने स्टाफ से सोने का लाकेट दिखाने को कहा, इसके बाद चेन दिखाने की बात कही। स्टाफ ने उनके कहने पर आभूषण निकालकर सामने रख दिए। महिलाएं लगातार बातचीत में उलझाकर स्टाफ का ध्यान भटकाती रहीं। इसी दौरान मौका पाकर उन्होंने बड़ी सफाई से दो चेन और दो लाकेट गायब कर दिए। कुछ देर बाद जब महिलाएं दुकान से निकल गईं, तब संचालक को संदेह हुआ। जांच करने पर आभूषण नहीं मिले। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज देखा गया, जिसमें पूरी घटना सामने आ गई।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
संचालक ने बताया, तकरीबन 28 ग्राम वजनी सोने के आभूषण महिलाओं ने पार कर दी है, जिनकी कीमत साढ़े चार लाख रुपये है। घटना के करीब पांच मिनट बाद ही शक हुआ, लेकिन तब तक महिलाएं फरार हो चुकी थीं। इसके बाद ज्लेलर्स संचालक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपी महिलाओं की पहचान में जुट गई है। आसपास के क्षेत्रों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। सराफा कारोबारियों को सतर्क रहने और संदिग्ध ग्राहकों पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
तीनों महिलाएं सामान्य ग्राहक की तरह दुकान में पहुंचीं। एक महिला स्टाफ को बातों में उलझाती रही, जबकि दूसरी आभूषण देखती रही। इसी बीच तीसरी महिला ने मौका पाकर चेन और लाकेट छिपा लिए। पूरी वारदात कुछ ही मिनटों में हो गई।
बता दें, पुलिस ने पहले भी ऐसे गिरोहों की सक्रियता को लेकर सराफा कारोबारियों को सतर्क किया था। खरीददार बनकर पहुंचने वाले ये गिरोह बातचीत के दौरान ध्यान भटकाकर वारदात करते हैं, इसलिए दुकानों में अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत बताई जा रही है।


Comments