गरियाबंद/राजिम :- राजिम विधानसभा क्षेत्र में प्रगतिरत विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर क्षेत्रीय विधायक श्री रोहित साहू ने विश्राम गृह राजिम में प्रमुख विभागों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में विधायक ने स्पष्ट संकेत दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। बैठक के दौरान विधायक ने राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, वन विभाग, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा और पीएम जनमन में संलग्न विभाग के अधिकारियों के साथ एक-एक कर चर्चा की। उन्होंने वर्तमान में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति और आगामी योजनाओं के संबंधित विस्तृत जानकारी ली। विधायक रोहित साहू ने लोक निर्माण विभाग और ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में हो रहे सड़क, भवन और अन्य निर्माण कार्यों में उच्च मानक की सामग्री का उपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
जनता का पैसा विकास में लग रहा है, इसलिए कार्य में पूर्ण गुणवत्ता होना चाहिए। विधायक ने सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने की भी बात कही। विशेष रूप से पिछड़ी जनजातियों के उत्थान के लिए संचालित पीएम जनमन योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की प्रशासनिक देरी नहीं होनी चाहिए।विद्युत विभाग को गर्मी के मौसम और खेती के मद्देनजर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा वन विभाग को विभागीय योजनाओं के तहत पौधारोपण और फेंसिंग जैसे कार्यों में तेजी लाने को कहा। राजस्व विभाग के अधिकारियों को सीमांकन, नामांतरण और बटांकन जैसे जनहित के मामलों को संवेदनशीलता के साथ निपटाने के निर्देश दिए ताकि आम जनता को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें विधायक रोहित साहू ने कहा कि हमारा लक्ष्य राजिम विधानसभा को आदर्श क्षेत्र बनाना है। अधिकारी केवल दफ्तरों तक सीमित न रहें अपितु क्षेत्र में पर जाकर कार्यों का निरीक्षण करें।
योजनाओं के क्रियान्वयन में समयसीमा और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। बैठक के अंत में विधायक ने सभी विभागीय अधिकारियों को समन्वित तरीके से काम करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समय-समय पर वे स्वयं कार्यों का औचक निरीक्षण करेंगे। बैठक में मौजूद अधिकारियों ने विधायक को आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों का पालन किया जाएगा और चल रहे परियोजनाओं को जल्द से जल्द पूरा कर जनता को समर्पित किया जाएगा। उक्त बैठक में राजिम नगर पंचायत अध्यक्ष महेश यादव,राजिम के एसडीएम विशाल महाराणा, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री रामेश्वर प्रसाद सिंह, एसडीओ मनीष साहू, पीएमजीएसवाई के कार्यपालन यंत्री,अभिषेक पाटकर,वन विभाग के एसडीओ विकास चंद्राकर , आरईएस के ईई प्रकाश दावरे,एसडीओ नवीन चंद्राकर,विद्युत विभाग के सहायक यंत्री धर्मेंद्र साहू, शिवेंद्र साहू, सहित सभी विभागों के अधिकारियों की उपस्थिति रही।


Comments