अचानक धमाका, फिर आग का तांडव! बीटीआई रोड पर ट्रांसफार्मर बना खतरा

अचानक धमाका, फिर आग का तांडव! बीटीआई रोड पर ट्रांसफार्मर बना खतरा

महासमुंद : शहर के व्यस्त बीटीआई रोड स्थित शास्त्री चौक पर शनिवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सड़क किनारे लगे ट्रांसफार्मर के सर्किट बॉक्स में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया और देखते ही देखते भीषण आग भड़क उठी। आग की लपटों ने पूरे केबल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह घटना करीब दोपहर 3 बजे हुई। तेज गर्मी और बिजली लोड बढ़ने को प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण माना जा रहा है। पहले सर्किट बॉक्स से चिंगारी निकलती दिखी, जो कुछ ही सेकंड में आग में बदल गई। चूंकि यह इलाका शहर का मुख्य और व्यस्त मार्ग है, इसलिए बड़े हादसे की आशंका से लोग दहशत में आ गए।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल विद्युत विभाग और फायर ब्रिगेड को जानकारी दी। विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को गंभीर देखते हुए फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।आग लगने के कारण शास्त्री चौक सहित आसपास के इलाकों में करीब 5 से 6 घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। भीषण गर्मी में बिजली गुल होने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।विद्युत विभाग की टीम ने देर शाम तक मरम्मत कार्य पूरा करते हुए जले हुए केबल और सर्किट बॉक्स को बदल दिया, जिसके बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।

प्राथमिक जांच में अत्यधिक गर्मी और ओवरलोड को हादसे की वजह माना जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, गर्मी के मौसम में बिजली की खपत बढ़ने से ट्रांसफार्मर पर दबाव बढ़ता है, जिससे इस तरह की घटनाएं होने की संभावना रहती है।

स्थानीय लोगों और कर्मचारियों की सतर्कता के चलते समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा नुकसान होने से बच गया। यह घटना विद्युत व्यवस्था के नियमित रखरखाव और सतर्कता की जरूरत को भी उजागर करती है।








You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments