कवर्धा टेकेश्वर दुबे: ग्राम पंचायत पोंडी में समस्या से जूझ रही एक ग्रामीण महिला को सांसद संतोष पांडेय के प्रयास से समस्या से निजात मिल गई है। ग्राम पोंडी की निवासी शकुंतला नामदेव के नाम से प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुआ है। जिस स्थान पर इनका आवास का निर्माण होना था, वहां बहुत पुराना बिजली का खंभा लगा हुआ था। इसके चलते आवास के निर्माण में रुकावट आ गई थी। हितग्राही शकुंतला नामदेव ने कई स्थानों पर आवेदन देकर उक्त समस्या के निराकरण के लिए मांग किया। लेकिन इनके समस्या का निराकरण नहीं हुआ।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
इसके बाद महिला हितग्राही ने भाजपा के जिला उपाध्यक्ष जयराम साहू को इसकी जानकारी देकर समस्या के निराकरण कराने का आग्रह किया। जयराम साहू ने सांसद संतोष पांडेय को उक्त समस्या से अवगत कराया और शीघ्र समस्या का समाधान कराने का आग्रह किया। सांसद पांडेय के माध्यम से विद्युत विभाग के संबंधित अधिकारियों से बात करके बिजली खंभा को ग्रामीण के जमीन से हटाने हेतु निर्देश दिया गया। इसके बाद विभाग द्वारा ग्रामीण के जमीन से बिजली खंभा को हटाया गया। इससे संबंधित ग्रामीण महिला ने राहत की सांस ली। अब ग्रामीण महिला का आवास निर्माण पुनः प्रारंभ हो जाएगा। ग्रामीण महिला शकुंतला नामदेव ने उक्त समस्या का निराकरण कराने के लिए सांसद संतोष पांडेय एवं भाजपा के जिला उपाध्यक्ष जयराम साहू का आभार व्यक्त किया है।


Comments