सुकमा : वन मंडल सुकमा के अंतर्गत किस्ताराम परिक्षेत्र में वन विभाग द्वारा पुलिस विभाग के सहयोग से अंतर्राज्यीय सागौन तस्करी के विरुद्ध एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। मुखबिरों से प्राप्त सूचना के आधार पर सिंदूरगुड़ा पंचायत क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित एक आरा मशीन पर संयुक्त छापामार कार्रवाई की गई, जहां सागौन लकड़ी का अवैध प्रसंस्करण किया जा रहा था।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि उक्त अवैध गतिविधि का मुख्य आरोपी तेलंगाना राज्य का निवासी है, जो किस्ताराम क्षेत्र में सक्रिय होकर अवैध आरा मशीन का संचालन कर सागौन लकड़ी की अवैध कटाई, चिरान एवं अंतर्राज्यीय तस्करी के कार्य में संलिप्त था। वन विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम के पहुंचने की सूचना मिलते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश तेज कर दी गई है तथा उससे जुड़े नेटवर्क एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।कार्रवाई के दौरान मौके से लगभग 6.239 घनमीटर सागौन लकड़ी जब्त की गई।


Comments