भारत में ज्यादातर लोगों के दिन की शुरुआत गरमागरम चाय के प्याले से होती है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी यह सुबह की आदत आपको धीरे-धीरे नुकसान पहुंचा सकती है?खासकर तब, जब आप इसे रोजाना खाली पेट और ज्यादा मात्रा में पीते हैं। आइए जानते हैं कि इस बारे में डॉक्टर का क्या कहना है।
पाचन तंत्र पर पड़ता है सीधा असर
दिल्ली के मैक्योर एंड आस्था अस्पताल के जनरल फिजिशियन, डॉ. प्रतीक कुमारके अनुसार, सुबह खाली पेट चाय पीने का सबसे बुरा असर हमारे डाइजेशन पड़ता है। दरअसल, चाय के अंदर कैफीन और टैनिन मौजूद होते हैं, जो पेट में जाकर एसिड का स्तर बढ़ा देते हैं। इसकी वजह से गैस, सीने में जलन और एसिडिटी की समस्या शुरू हो सकती है। जिन लोगों को पहले से ही पेट से जुड़ी दिक्कतें हैं, उनके लिए सुबह की यह आदत परेशानी को और भी ज्यादा बढ़ा सकती है।
उल्टी, घबराहट और सिरदर्द की समस्या
खाली पेट चाय पीने से कई बार उल्टी जैसा महसूस होना और बेचैनी की शिकायत भी होती है। इसका मुख्य कारण यह है कि चाय सीधे तौर पर पेट की अंदरूनी परत को उत्तेजित कर देती है, जिससे शरीर में असहजता महसूस होती है। कई बार सुबह-सुबह उठने वाला बेवजह का सिरदर्द या कमजोरी भी इसी गलत आदत का नतीजा हो सकता है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
महिलाओं में हो सकती है खून की कमी
चाय में पाया जाने वाला 'टैनिन' हमारे शरीर में आयरन को सही तरीके से पचने नहीं देता है। अगर आप नियमित रूप से खाली पेट चाय पीते हैं, तो लंबे समय में यह शरीर के अंदर आयरन की भारी कमी पैदा कर सकता है। यह समस्या खासकर महिलाओं में ज्यादा देखने को मिलती है, जिसकी वजह से उन्हें हमेशा थकान, कमजोरी और 'एनीमिया' का सामना करना पड़ सकता है।
क्या है चाय पीने का सही तरीका?
डॉक्टर यह बिल्कुल नहीं कहते कि आपको अपनी मनपसंद चाय पूरी तरह से छोड़ देनी चाहिए। बल्कि, इसे पीने का तरीका बदलना जरूरी है। सुबह उठकर सबसे पहले कुछ हल्का-फुल्का खाएं, जैसे- रात के भीगे हुए बादाम, एक-दो बिस्किट या कोई हल्का नाश्ता। इसके बाद ही चाय का सेवन करें। ऐसा करने से पेट पर चाय का नकारात्मक असर काफी हद तक कम हो जाता है।
इन बातों का भी रखें खास खयाल
अगर आपको चाय की बहुत ज्यादा आदत है, तो कोशिश करें कि पूरे दिन में 2 से 3 कप से ज्यादा चाय न पिएं। बहुत ज्यादा कड़क चाय पीने से बचें और खाली पेट तो इसे बिल्कुल न छुएं। इसके अलावा, आप चाहें तो ग्रीन टी या हर्बल चाय को भी अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना सकते हैं। ये दूध वाली चाय के मुकाबले बहुत हेल्दी होती हैं और शरीर को नुकसान नहीं पहुंचाती हैं।


Comments