परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद : जिले में जनस्वास्थ्य सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए “सही दवा–शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार” अभियान के तहत प्रशासन की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को फिंगेश्वर ब्लॉक में औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने 03 थोक मेडिकल दुकानों का सघन निरीक्षण कर दवाओं के क्रय-विक्रय दस्तावेजों की जांच की।सचिव एवं औषधि नियंत्रक के निर्देशानुसार औषधि निरीक्षक धर्मवीर सिंह ध्रुव के नेतृत्व में टीम ने खुशी मेडिकल स्टोर्स, न्यू जया मेडिकल स्टोर्स एवं राम मेडिकल एंड जनरल स्टोर का निरीक्षण किया। इस दौरान दवाओं की उपलब्धता, स्टॉक रजिस्टर, बिलिंग प्रक्रिया एवं नियमानुसार रिकॉर्ड संधारण की बारीकी से जांच की गई। साथ ही संचालकों को अभियान की थीम के अनुरूप आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
15 दिवसीय विशेष अभियान जारी
छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिले में 27 अप्रैल से 11 मई 2026 तक 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी के मार्गदर्शन में गठित संयुक्त टीम जिलेभर में औषधि दुकानों, अस्पतालों, खाद्य प्रतिष्ठानों एवं अन्य संबंधित संस्थानों का निरीक्षण कर रही है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
संयुक्त टीम की सख्त निगरानी
अभियान के तहत औषधि प्रशासन, खाद्य सुरक्षा विभाग, नगर पालिका एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम सक्रिय रूप से कार्यवाही कर रही है। निरीक्षण के दौरान नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी जा रही है।
दो चरणों में हो रहा अभियान संचालन
अभियान को दो प्रमुख चरणों में संचालित किया जा रहा है—
1. खाद्य सुरक्षा जांच:
इस चरण में होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, डेयरी एवं किराना दुकानों की जांच की जा रही है। खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जा रहे हैं, स्वच्छता की स्थिति का मूल्यांकन किया जा रहा है तथा बासी व मिलावटी खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई की जा रही है।
2. औषधि एवं तंबाकू नियंत्रण:
मेडिकल स्टोर्स में एक्सपायरी दवाओं की जांच, बिना लाइसेंस संचालित दुकानों पर कार्रवाई, तथा NDPS एवं COTPA अधिनियम के तहत निगरानी की जा रही है। अस्पतालों एवं दवा दुकानों में दवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
जनस्वास्थ्य सुरक्षा है प्राथमिक लक्ष्य
प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। नकली दवाओं एवं मिलावटी खाद्य पदार्थों पर रोक लगाने के साथ-साथ जनजागरूकता बढ़ाना भी इस अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।


Comments