टीम इंडिया के ‘हिटमैन’ का हैप्पी बर्थडे! संघर्ष, सफलता और रिकॉर्ड्स से भरी है रोहित की कहानी

टीम इंडिया के ‘हिटमैन’ का हैप्पी बर्थडे! संघर्ष, सफलता और रिकॉर्ड्स से भरी है रोहित की कहानी

टीम इंडिया को अपनी कप्तानी में दो आईसीसी टूर्नामेंट जिताने वाले दिग्गज रोहित शर्मा 30 अप्रैल को 39 साल के हो गए हैं। उनका जन्म आज ही के दिन 1987 में हुआ था।जन्मदिन के मौके पर शुभकामनाओं का दौर जारी है। सोशल मीडिया पर हिटमैन को फैंस रात से ही विश कर रहे हैं। वहीं, कई पूर्व और मौजूदा साथी खिलाड़ी भी खास दिन पर रोहित को अपने ही अंदाज में जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहे हैं।

अब तक अपने 19 साल के करियर में रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने खूब नाम कमाया है और उनकी गिनती भारत के सबसे सफल खिलाड़ियों में से एक के रूप में होती है। मैदान पर कप्तानी और बल्ले से नाम बनाने वाले रोहित ने कमाई के मामले में भी खूब तरक्की की है और उनकी नेट वर्थ लगभग 214 करोड़ के आसपास है। हालांकि, एक समय ऐसा भी था जब रोहित के पास जूते खरीदने तक के पैसे नहीं थे और उन्होंने दूध बेचने का काम किया था।

रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के करीबी शख्स ने बताई थी हिटमैन के संघर्ष की कहानी

दाएं हाथ के बल्लेबाज रोहित शर्मा (Rohit Sharma) भले ही आज कामयाबी के शिखर पर हों लेकिन उनकी शुरुआत काफी मुश्किल थी और उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा था। तेलुगु-मराठी भाषी परिवार से नाता रखने वाले रोहित को शुरुआती कुछ सालों के बाद ही उनके पिता ने दादा और चाचा के पास भेज दिया था, क्योंकि तब उनकी आमदनी इतनी नहीं थी कि वह पूरे परिवार का खर्चा उठा सकें। उनके पिता ट्रांसपोर्ट फर्म के गोदाम के केयरटेकर के रूप में काम करते थे। वहीं, रोहित के अलावा उनका छोटा भाई भी था, जिसका नाम विशाल शर्मा है।

हालांकि, चाचा के पास रहना रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के लिए फायदेमंद साबित हुआ, क्योंकि उन्होंने ही हिटमैन की प्रतिभा को देखते क्रिकेट अकेडमी ले जाने का फैसला किया था। हालांकि, फिर उनके सामने पैसों की समस्या भी आई और इसके लिए रोहित ने मेहनत करने से कदम पीछे नहीं खींचे। उन्होंने किट खरीदने के लिए दूध के पैकेट बेचने का काम भी किया। इसका खुलासा 2023 में उनके करीबी माने जाने वाले टीम इंडिया के पूर्व स्पिनर और मौजूदा समय में मेंस चयन समिति में शामिल प्रज्ञान ओझा ने किया था।

इसके कुछ समय बाद, रोहित शर्मा को स्कॉलरशिप मिल गई और उनकी पैसों की तंगी की समस्या दूर हो गई। रोहित ने भी खूब मेहनत की और फिर उन्हें आगे बढ़ाने का काम कोच दिनेश लाड ने किया। लाड ने ही रोहित के बल्लेबाजी टैलेंट को पहचाना था।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

अब करोड़ों के मालिक हैं रोहित शर्मा

भले ही रोहित शर्मा (Rohit Sharma) को करियर के शुरूआती दिनों में पैसों की तंगी से जूझना पड़ा हो लेकिन अब उनके पास बहुत पैसा है। ET Now के अनुसार, रोहित की मौजूदा समय में नेट वर्थ करीब 214 करोड़ है। उनकी कमाई BCCI सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट, मैच फीस और IPL कॉन्ट्रैक्ट से होती है। इसके अलावा विज्ञापन और ब्रांड प्रमोशन से भी रोहित अच्छा पैसा कमाते हैं।

वर्तमान में, रोहित शर्मा (Rohit Sharma) BCCI सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट के ग्रेड बी में हैं, जिससे उन्हें बीसीसीआई से सालाना 3 करोड़ रुपये मिलते हैं। 2026 से पहले, वे ग्रेड ए+ श्रेणी में थे, जिससे उन्हें सालाना 7 करोड़ रुपये मिलते थे। आजकल वे केवल वनडे मैच खेलते हैं, जिसके लिए उन्हें प्रति मैच 6 लाख रुपये मिलते हैं। सीसीएल क्रिकेट के अनुसार, रोहित क्रिकेट से सालाना लगभग 30 करोड़ रुपये, ब्रांड एंडोर्समेंट से 60-65 करोड़ रुपये और रियल एस्टेट से 50 करोड़ रुपये से अधिक कमाते हैं।

IPL में रोहित शर्मा शुरुआत से ही खेल रहे हैं और मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो उन्होंने लीग से अभी तक 210 करोड़ से ज्यादा की कमाई की है।

ऐसा रहा है रोहित शर्मा का इंटरनेशनल करियर

रोहित शर्मा ने 2007 में अपने इंटरनेशनल करियर की शुरुआत की। इसके बाद, उसी साल उन्हें टी20 डेब्यू का मौका मिला और फिर 2013 में टेस्ट डेब्यू किया। रोहित को शुरूआती सालों में ज्यादा सफलता नहीं मिली लेकिन फिर 2013 में जब उन्हें वनडे में नियमित रूप से पारी की शुरुआत का मौका मिला तो किस्मत ही बदल गई। यही कहानी टेस्ट में रही और उन्होंने 2019 में ओपनिंग करते हुए कुछ सालों तक रेड बॉल क्रिकेट में अच्छा किया।

हालांकि, अब रोहित शर्मा टी20आई और टेस्ट से संन्यास ले चुके हैं और उनका लक्ष्य 2027 वर्ल्ड कप है। इसके लिए उन्होंने अपनी फिटनेस पर काफी काम किया और वजन भी घटाया है। रोहित ने तीनों फॉर्मेट को मिलाकर अभी तक 508 मैचों में 42.33 की औसत से 20109 रन बनाए हैं, जिसमें 50 शतक और 111 अर्धशतक शामिल हैं। रोहित के नाम वनडे में तीन दोहरे शतक दर्ज हैं, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। इसके अलावा T20I में वो भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले मेंस बल्लेबाज हैं।

बतौर कप्तान रोहित शर्मा ने अपनी पहली ICC ट्रॉफी 2024 टी20 वर्ल्ड कप के रूप में जीती और फिर 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी का टाइटल भी टीम इंडिया को जिताया। हालांकि, उनके हाथ से वनडे वर्ल्ड कप जीतने का मौका निकल गया, क्योंकि 2023 में खेले गए टूर्नामेंट के फाइनल में भारत को हार का सामना करना पड़ा था।








You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments