रायगढ़ : नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने आज शहर के सराई भद्दर, फटहामुड़ा एवं मिठ्ठूमुड़ा तालाबों का निरीक्षण कर चल रहे उन्नयन एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित ठेकेदारों एवं इंजीनियरों को कार्यों में अपेक्षित गति लाने के निर्देश देते हुए कहा कि गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने की बात कही।आयुक्त क्षत्रिय ने स्पष्ट रूप से कहा कि तालाबों का विकास शहर की सौंदर्य वृद्धि के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी कार्य योजनाबद्ध तरीके से तेजी के साथ पूर्ण करने होंगे। उन्होंने कार्यस्थल पर मौजूद अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने और प्रगति की सतत समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
इसके पश्चात आयुक्त क्षत्रिय ने क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत स्वीकृत आवासों के निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन मकानों की गुणवत्ता, प्रगति एवं तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच करते हुए हितग्राहियों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने हितग्राहियों को स्टेप-बाय-स्टेप निर्माण पूर्ण करने पर मिलने वाले शासकीय लाभों की जानकारी दी तथा बताया कि समय पर मकान पूर्ण करने पर 32,800 तक का अतिरिक्त प्रोत्साहन भी प्रदान किया जाएगा।
आयुक्त क्षत्रिय ने ठेकेदारों को निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि हितग्राहियों को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि लापरवाही या देरी की स्थिति में संबंधित एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान निगम के अधिकारी, इंजीनियर एवं संबंधित ठेकेदार उपस्थित रहे।


Comments