दंतेवाड़ा, 01 मई 2026 : छत्तीसगढ़ शासन की मंशानुसार जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे आम जनता तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित ‘सुशासन तिहार’ शुक्रवार दंतेवाड़ा के ग्रामीणों के लिए खुशियों और नई उम्मीदों का माध्यम बना। दंतेवाड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत केशापुर में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में शासन और प्रशासन ने स्वयं पहुँचकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का सूक्ष्म अवलोकन किया और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। शिविर में केशापुर सहित भोगाम, चितालंका, कुपेर, मंगनार, तुड़पारास, डेगलरास, कंवलनार, पण्डेवार, कमालूर, कुन्देली एवं झिरका जैसी 12 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान राशन कार्ड, पेंशन, आवास, आयुष्मान कार्ड और मनरेगा जैसी मूलभूत सेवाओं से संबंधित कुल 269 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। प्रशासन की सक्रियता का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अधिकांश आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर पात्र हितग्राहियों को तत्काल लाभान्वित किया गया, जिससे ग्रामीणों में भारी उत्साह और संतोष देखा गया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
शिविर को संबोधित करते हुए विधायक चैतराम अटामी ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का संकल्प हर जरूरतमंद तक बिना किसी बाधा के योजनाओं का लाभ पहुँचाना है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से सरकार अब गाँव-गाँव पहुँचकर जनता के द्वार पर उनकी समस्याएँ सुलझा रही है। इसी कड़ी में जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने प्रशासन की इस पहल को जनता और सरकार के बीच बढ़ते विश्वास का प्रतीक बताया। उन्होंने अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने और ग्रामीणों को जागरूक रहने का आह्वान किया।
प्रशासनिक दृष्टिकोण साझा करते हुए जिला पंचायत सीईओ श्री जयंत नाहटा ने शिविर में उपस्थित ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी व्यक्तिगत समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि आगामी 4 मई से क्षेत्र में “बस्तर मुन्ने” अभियान का शुभारंभ किया जाएगा, जो विशेष रूप से बच्चों के विकास और उनकी बेहतर शिक्षा पर केंद्रित होगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन अंतिम व्यक्ति तक न्याय और सुविधा पहुँचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।इस गरिमामयी आयोजन में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता भास्कर, जनपद सीईओ प्रदीप पेटल, जिला एवं जनपद पंचायत सदस्यों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


Comments