दंतेवाड़ा : दंतेवाड़ा जिले के ग्राम भूसारास में विकास की एक नई इबारत लिखी जा रही है, जहाँ जल जीवन मिशन के माध्यम से ग्रामीणों के घर तक स्वच्छ पेयजल की पहुँच सुनिश्चित की गई है।इसी क्रम में रविवार केंद्र सरकार के अतिरिक्त सचिव एवं राष्ट्रीय जल जीवन मिशन के मिशन संचालक कमल किशोर सोन ने गांव का दौरा कर यहाँ क्रियान्वित नल-जल योजना का सघन निरीक्षण किया। इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान उनके साथ राज्य शासन के अतिरिक्त मिशन संचालक ओंकेश चन्द्रवंशी भी मौजूद रहे, जहाँ उन्होंने ग्राम स्तर पर बुनियादी ढांचे और सेवा वितरण की जमीनी हकीकत को परखा।
लगभग 2 करोड़ 82 लाख रुपए की लागत से तैयार इस जल प्रदाय योजना का अवलोकन करते हुए अतिरिक्त सचिव सोन ने स्वयं घर-घर जाकर नल कनेक्शनों से हो रही जल आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने वहाँ मौजूद ग्रामीणों और जल वाहिनियों से सीधा संवाद किया और योजना के संचालन तथा पानी की गुणवत्ता को लेकर उनके अनुभव जाने, जिस पर उन्होंने पूर्ण संतोष व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की उपस्थिति में जल की गुणवत्ता का वैज्ञानिक परीक्षण भी कराया गया, जिसके सकारात्मक परिणामों ने योजना की सफलता पर मुहर लगा दी।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
कार्यक्रम के एक महत्वपूर्ण पड़ाव में सोन ने ‘जल अर्पण’ कर इस पूरी योजना के संचालन एवं संधारण की जिम्मेदारी औपचारिक रूप से ग्राम पंचायत को सौंप दी।इस अवसर पर उन्होंने ग्राम पंचायत के सरपंच राजेन्द्र मंडावी को अभिनंदन पत्र प्रदान कर सम्मानित किया,जो सामुदायिक सहभागिता का एक उत्कृष्ट उदाहरण बना। ग्रामीणों ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत करते हुए शासन के प्रति आभार जताया।
अपने संबोधन में अतिरिक्त सचिव सोन ने ग्रामीणों को प्रेरित करते हुए इस बात पर विशेष जोर दिया कि योजना का भविष्य में भी बेहतर रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि हर घर तक शुद्ध जल की सतत उपलब्धता बनी रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के अध्यक्ष व कलेक्टर द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरे के दौरान कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव,जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा,अपर कलेक्टर राजेश पात्रे और पीएचई विभाग के ईई जगदीश कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।


Comments