परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद : जिले के कोपरा में शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब रायपुर-देवभोग मार्ग स्थित शिव दर्शन भवन में “द्वादश ज्योतिर्लिंग दर्शन” का भव्य शुभारंभ किया गया। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेवा केंद्र द्वारा रजत जयंती के अवसर पर आयोजित इस ऐतिहासिक आयोजन का उद्घाटन छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर द्वादश ज्योतिर्लिंग की स्थापना के साथ-साथ आध्यात्मिक चित्र प्रदर्शनी और संग्रहालय का भी लोकार्पण हुआ।
🔶 तपती दोपहरी में उमड़ा आस्था का सैलाब
कार्यक्रम के दौरान भीषण गर्मी के बावजूद हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन की महत्ता को प्रमाणित किया। शिवभक्तों के उत्साह और श्रद्धा ने कोपरा को एक नए आध्यात्मिक केंद्र के रूप में स्थापित कर दिया।
🔶 “कुंती बहन के संकल्प का साकार रूप” — अरुण साव
मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने संबोधन में कहा कि, “कोपरा जैसे उभरते नगर में द्वादश ज्योतिर्लिंग की स्थापना और आध्यात्मिक म्यूजियम का निर्माण ब्रह्माकुमारी कुंती बहन के दृढ़ संकल्प और तपस्या का परिणाम है। यह स्थान आने वाले समय में आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र बनेगा।”उन्होंने ब्रह्माकुमारी संस्था के वैश्विक योगदान का उल्लेख करते हुए बताया कि यह संस्था 147 देशों में 10 हजार से अधिक सेवा केंद्रों के माध्यम से नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और ऑर्गेनिक खेती जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रही है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
🔶 नारी शक्ति की मिसाल — विधायक रोहित साहू
क्षेत्रीय विधायक रोहित साहू ने कहा कि ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा किया जा रहा कार्य नारी सशक्तिकरण की जीवंत मिसाल है। “प्रधानमंत्री के नारी शक्ति अभियान को वास्तविक रूप देने में इन बहनों की भूमिका सराहनीय है,” उन्होंने कहा।
🔶 अध्यात्म का संदेश घर-घर तक पहुंचाने का लक्ष्य
आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए आशीष भाई ने कहा कि द्वादश ज्योतिर्लिंग की स्थापना का मूल उद्देश्य परमात्मा शिव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि संगम युग में परमात्मा ब्रह्मा तन के माध्यम से गीता ज्ञान प्रदान कर रहे हैं और ब्रह्माकुमारी बहनें उसी संदेश को आगे बढ़ा रही हैं।
🔶 25 वर्षों की तपस्या का फल — नारायण भाई
नारायण भाई ने कहा कि कुंती बहन ने 25 वर्षों तक निरंतर साधना और समर्पण के साथ कार्य कर इस स्थापना को साकार किया है। उन्होंने कोपरा क्षेत्र को गोपेश्वर पंचकोशी यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव बताते हुए कहा कि यह स्थल धार्मिक दृष्टि से अत्यंत पवित्र है, जहां लाखों श्रद्धालु प्रतिवर्ष पहुंचते हैं।
🔶 आध्यात्मिक जागरण का अद्वितीय प्रयास
औघड़नाथ बाबा (रुद्रप्रचंड वेगनाथ) ने अपने संदेश में कहा कि ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा किया जा रहा आध्यात्मिक जागरण का कार्य समाज को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करेगा और यह आयोजन शांति और सद्भाव का संदेश घर-घर तक पहुंचाएगा।
🔶 कुंती बहन की मेहनत को सराहा गया
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने सेवा केंद्र संचालिका ब्रह्माकुमारी कुंती बहन के समर्पण और अथक प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। इस अवसर पर पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, नगर पंचायत अध्यक्ष रूपनारायण साहू, जिलाध्यक्ष अनिल चंद्राकर, चंद्रशेखर साहू, पुष्पा दीदी, अन्नपूर्णा दीदी, रूखमणि दीदी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राखी बहन (बिलासपुर) ने किया, जबकि जोनल इंचार्ज राजयोगिनी आरती दीदी ने संदेश भेजकर शुभकामनाएं दीं।


Comments