भालू के हमले में गंभीर घायल युवक की 5 घंटे की सफल सर्जरी, मनेंद्रगढ़ 220 बिस्तर अस्पताल में बचाई गई जान

भालू के हमले में गंभीर घायल युवक की 5 घंटे की सफल सर्जरी, मनेंद्रगढ़ 220 बिस्तर अस्पताल में बचाई गई जान

मनेंद्रगढ़/एमसीबी:जिले के केल्हारी विकासखंड अंतर्गत ग्राम बिहुली निवासी 38 वर्षीय युवक तिग्गा पर 28 अप्रैल की सुबह करीब 6:30 बजे उस समय भालू ने हमला कर दिया, जब वह घर के बाहर जंगल किनारे शौच के लिए गया हुआ था। अचानक हुए इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के तुरंत बाद परिजनों एवं ग्रामीणों की मदद से घायल को प्राथमिक उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र केल्हारी (PHC) लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रारंभिक उपचार देने के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे 220 बिस्तर सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ रेफर कर दिया।

मनेंद्रगढ़ अस्पताल में भर्ती होने के बाद डॉक्टरों की टीम ने पहले मरीज को स्थिर किया। इसके बाद जटिल सर्जरी की तैयारी की गई और करीब 5 घंटे तक चले इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को सफलतापूर्वक पूरा किया गया।इस महत्वपूर्ण सर्जरी में डॉ. अलेख सिदार (एमएस, ईएनटी) डॉ. इंतजार ओरके (एमएस, ऑर्थो) ने मुख्य भूमिका निभाई। वही सहायक टीम में अभिषेक निशा सिस्टर, प्रियंका सिस्टर शामिल रहीं, जबकि पूरे उपचार और ऑपरेशन का समन्वय मिसेज पुष्पा सिस्टर द्वारा किया गया।

हाल ही में हुआ है 220 बिस्तर अस्पताल का उन्नयन

गौरतलब है कि मनेंद्रगढ़ सिविल अस्पताल का 220 बिस्तर में हाल ही में उन्नयन किया गया है। जिस तरह की गंभीर स्थिति में मरीज अस्पताल पहुंचा था, उसे स्थानीय स्तर पर स्थिर कर पाना भी आसान नहीं था। लेकिन सीएमएचओ डॉ. अविनाश खरे के कुशल नेतृत्व, अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी के बेहतर प्रबंधन और चिकित्सकों की कार्यकुशलता व सेवा भाव के चलते मरीज को बाहर रेफर करने के बजाय यहीं सफल ऑपरेशन कर उसकी जान बचाई गई।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

स्वास्थ्य मंत्री ने दी टीम को बधाई
इस सफल सर्जरी पर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने पूरी चिकित्सा टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने से लोगों की उम्मीदें लगातार बढ़ रही हैं और सरकार इन उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है।

इंडोस्कोपी यूनिट भी तैयार
अस्पताल अधीक्षक डॉ. स्वप्निल तिवारी ने जानकारी दी कि मनेंद्रगढ़ 220 बिस्तर अस्पताल में इंडोस्कोपी यूनिट भी तैयार हो चुकी है। इससे क्षेत्रवासियों को अब कई आधुनिक जांच और उपचार सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेंगी।

ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील

जंगल से लगे क्षेत्रों में इस तरह की घटनाएं सामने आती रहती हैं, ऐसे में ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले जंगल की ओर न जाने की सलाह दी गई है।








You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments