खेत में काम कर रहे ग्रामीण पर तेंदुए का हमला, सूझबूझ से बची जान — पाण्डुका वन क्षेत्र में दहशत, वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल

खेत में काम कर रहे ग्रामीण पर तेंदुए का हमला, सूझबूझ से बची जान — पाण्डुका वन क्षेत्र में दहशत, वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल

तिलईदादर बीट की घटना, सिर और हाथ में गंभीर चोटें — ग्रामीणों में बढ़ता आक्रोश, सुरक्षा इंतजाम की मांग तेज

 

परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद / छुरा : पाण्डुका वन परिक्षेत्र के तिलईदादर बीट अंतर्गत ग्राम गिधनी में मंगलवार सुबह एक खतरनाक घटना ने पूरे इलाके में भय का माहौल पैदा कर दिया। खेत में काम करने गए एक ग्रामीण पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद ग्रामीण ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए अपनी जान बचा ली।प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गिधनी निवासी तुलसी राम ठाकुर प्रतिदिन की तरह सुबह लगभग 7 बजे अपने खेत में काम करने गए थे। खेत के समीप घना जंगल और पहाड़ी इलाका होने के कारण वहां जंगली जानवरों की आवाजाही आम बात है। इसी दौरान अचानक झाड़ियों के बीच से एक तेंदुआ निकलकर उन पर टूट पड़ा।

तेंदुए के इस अचानक हमले से तुलसी राम ठाकुर संभल भी नहीं पाए और जमीन पर गिर पड़े। हमले में उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। जानलेवा स्थिति के बीच उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और किसी तरह खुद को छुड़ाकर शोर मचाया, जिससे तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया।घायल अवस्था में उन्होंने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और उन्हें छुरा उपस्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायल की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
 ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

क्षेत्र में दहशत, ग्रामीणों में आक्रोश
घटना के बाद ग्राम गिधनी सहित आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में जंगली जानवरों, विशेषकर तेंदुए की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। बावजूद इसके वन विभाग द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार सूचना देने के बाद भी वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंचती, जिससे आमजन की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है।

वन विभाग पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गश्त बढ़ाई जाती और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी रखी जाती, तो इस तरह की घटना को टाला जा सकता था।

  सुरक्षा की मांग तेज
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्र में तत्काल टीम तैनात की जाए, नियमित गश्त बढ़ाई जाए तथा जंगली जानवरों की निगरानी के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही, घायल ग्रामीण को उचित मुआवजा और उपचार सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है।

ग्राम गिधनी में हुई यह घटना न केवल एक व्यक्ति पर हमला है, बल्कि पूरे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिन्ह है। यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में इस तरह की घटनाएं और भी गंभीर रूप ले सकती हैं।








You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments