रायपुर : राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मोवा इलाके में एक युवक ने अपनी दो सालीयों पर लाइसेंसी पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल और जिंदा कारतूस जब्त कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी जितेन्द्र कुमार वर्मा का अपनी पत्नी ज्योति वर्मा उर्फ खिलेश्वरी से पारिवारिक विवाद चल रहा था। विवाद के चलते पत्नी पिछले 20-25 दिनों से अपनी मां सावित्री वर्मा के साथ पंडरी क्षेत्र में रह रही थी।
बताया गया कि 5 मई की रात करीब 10:30 बजे जितेन्द्र वर्मा अपनी पत्नी और डेढ़ साल की बेटी से मिलने ससुराल पहुंचा। इस दौरान उसने पत्नी से वीडियो कॉल पर बात कराने की मांग की। घरवालों द्वारा सुबह आने की बात कहने और मोबाइल बंद होने की जानकारी देने पर आरोपी भड़क गया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
आरोप है कि गुस्से में आरोपी ने अपनी पैंट से लाइसेंसी पिस्टल और कारतूस निकाले तथा धमकी देते हुए पहले अपनी साली गीतांजली वर्मा उर्फ जया पर दो गोलियां चला दीं। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ी। शोर सुनकर छत से नीचे आई दूसरी साली दुर्गेश्वरी वर्मा को भी आरोपी ने गोली मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। परिजन दोनों बहनों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम, सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी जितेन्द्र वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात कबूल कर ली।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल और जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ थाना पंडरी में धारा 103, 109 बीएनएस और 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


Comments