कोरिया: जिले की नवपदस्थ कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी रोक्तिमा यादव ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शासन-प्रशासन और आम जनता के बीच मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में मीडिया एक सशक्त सेतु के रूप में कार्य करती है।
कलेक्टर श्रीमती यादव ने बताया कि करीब 21 वर्षों के शासकीय सेवा अनुभव में सरगुजा संभाग में कार्य करने का यह उनका पहला अवसर है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं, उपलब्धियों और जनहितकारी कार्यों को आम लोगों तक पहुंचाने में मीडिया का अहम योगदान होता है। साथ ही मीडिया प्रशासन को आईना दिखाने का भी कार्य करती है, जिससे कार्यप्रणाली में सुधार और पारदर्शिता बनी रहती है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि कोरिया जिले में विकास की अपार संभावनाएं हैं और टीम वर्क के माध्यम से जिले के समग्र विकास के लिए कार्य किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पारदर्शी, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।कलेक्टर ने कहा कि मुख्यालय एवं कार्यालयों में अधिकारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली को आवश्यक बनाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि शासन की फ्लैगशिप योजनाओं को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
सुशासन तिहार शिविरों के संबंध में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि शिविरों में प्राप्त होने वाले प्रत्येक आवेदन का गंभीरता और बारीकी से परीक्षण कर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।इस अवसर पर अपर कलेक्टर डी.डी. मण्डावी ने जिले में संचालित जनगणना कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। प्रेस कांफ्रेंस में जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, एडीएम सुरेन्द्र वैद्य, जिला जनसंपर्क अधिकारी सहित बड़ी संख्या में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


Comments